बेरोजगार युवा सहकारी समिति रजिस्टर करवाकर अपना रोजगार स्थापित कर सकते हैं:टी.एस.चट्ठा
BOL PANIPAT : 7 फरवरी–हरियाणा राज्य सहकारी विकास प्रसंघ लिमिटेड हरकोफेड द्वारा बुधवार को सहायक रजिस्ट्रार सहकारिता विभाग के कार्यालय में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न किया गया। जिसमें करीब 30 से अधिक पैक्स प्रबंधकों ने भाग लिया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी अधिकारी और कर्मचारियों को पैक्स के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। आरसीएम से आए हुए विभिन्न अधिकारियों ने सीएससी केंद्र व पेट्रोल पंप,गोबर गैस प्लांट आदि की योजनाओं के बारे में पीपीटी के माध्यम से विस्तार से बताया।
सहकारिता विभाग के सहायक रजिस्ट्रार टी एस चट्ठा ने कहा कि बेरोजगार युवा सहकारी समिति रजिस्टर करवाकर अपना रोजगार स्थापित कर सकते हैं। प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार उपलब्ध करवा कर स्वावलंबी बनाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा सहकारिता विभाग के माध्यम से सीएम पैक्स नामक एक अनूठी योजना शुरू की है। जिससे कोई भी बेरोजगार 12वीं पास युवक अपना स्वरोजगार स्थापित कर अपने जीवन स्तर को ऊंचा उठा सकता है।
टी एस चट्ठा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा सुशासन दिवस के अवसर पर इस योजना को लागू किया गया था। इस योजना में बेरोजगार युवा कम से कम 11 सदस्य समिति को पंजीकृत करवाकर स्वरोजगार स्थापित कर सकते हैं। समिति में कम से कम दो महिलाएं तथा एक अनुसूचित जाति का सदस्य होना आवश्यक है।
टीएस चट्ठा ने कहा कि समिति पंजीकरण होने के बाद समिति सदस्यों को रोजगार हेतु प्रशिक्षण भी समय-समय पर दिया जाने का प्रावधान किया गया है। स्वरोजगार के लिए उचित मूल्य की दुकान, फसलों की खरीद, डीलरशिप एजेंसी एमजीपी पेट्रोल डीजल की आपूर्ति, हरित ऊर्जा बीमा,अटल सेवा केंद्र सहित अनेक प्रकार के व्यवसाय शुरू किए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि कोई भी युवा जो अपना स्वरोजगार स्थापित करना चाहता है वह जिला सचिवालय के पांचवें तल पर सहायक रजिस्ट्रार सहकारी समितियां के कार्यालय में आकर उनसे व्यक्तिगत रूप से भी मिल सकता है। उन्हें इस बारे में पूरा मार्गदर्शन उपलब्ध करवाया जाएगा।
इस मौके पर सुनील कुमार, ज्योति इत्यादि भी उपस्थित रहे

Comments