Tuesday, April 28, 2026
Newspaper and Magzine


डॉ एस. एन. सुब्बाराव के 97वे जन्मदिवस पर हाली अपना स्कूल में कार्यक्रम का आयोजन 


BOL PANIPAT : विश्व रत्न,प्रसिद्ध गांधीवादी स्वतंत्रता सेनानी एवं विश्व विख्यात शांति सैनिक डॉ एस. एन. सुब्बाराव जी के 97 वे जन्म दिवस पर माता सीता रानी सेवा संस्था द्वारा निर्मला देशपांडे संस्थान में संचालित हाली अपना स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में सुब्बाराव के जीवन पर प्रकाश डालते हुए गांधी ग्लोबल फैमिली के महासचिव राम मोहन राय और माता सीता रानी सेवा संस्था की महासचिव पूजा सैनी ने कहा कि उन्होंने महात्मा गांधी के आह्वान पर अपने वकालत के व्यवसाय, घरबार को छोड़कर आजीवन देश सेवा और ब्रह्मचर्यत्व व्रत लेकर स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लिया और ब्रिटिश शासन के विरुद्ध अनेक सत्याग्रहों और आंदोलनों में हिस्सा लेकर कई साल जेल में बिताए। ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ में भी उन्होंने युवाओं को अनुशासित व संगठित करने का काम किया और आजादी के बाद भी युवाओं के बीच ही काम करने का संकल्प किया। आत्मबल और समभाव उनका ऐसा सामर्थ्य था जिसके आगे डाकुओं ने भी समर्पण कर दिया था।

जगत की जय का उद्घोष करने वाले भाई जी की रग- रग में गांधीवाद समाया हुआ था। वे सच्चे अर्थों में गांधीवादी थे। उन्होंने कश्मीर सहित अनेक हिंसाग्रस्त क्षेत्रों में जाकर अनेक बार शांति सद्भावना के लिए अनेक युवा शिविरों का आयोजन किया। पद्मश्री से सम्मानित सुब्बाराव जी ने ही कॉलेज के विद्यार्थियों में सेवाभाव विकसित करने के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना शुरू की थी । भाई जी का जीवन एक ऐसे प्रेरक का जीवन है जिन्होंने अपने पूरे जीवन में युवाओं एवं विद्यार्थियों में शांति- प्रेम- करुणा के संदेश देकर उनका मार्गदर्शन किया है। संसार में ऐसे लोग बहुत कम होते हैं जो अपने पूरे जीवन में समाज को दिशा देने का काम करते हैं। भाई जी तीन बार हाली अपना स्कूल में भी पधारे और स्कूल के विद्यार्थियों को प्रेरणा दी। विद्यार्थियों ने सर्वधर्म प्रार्थना , राष्ट्र प्रेम के भजन एवं भाई जी के प्रिय गीत ‘जय जगत’ का गायन कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की व इस अवसर पर हाली अपना स्कूल की मुख्य अध्यापिका प्रिया लूथरा, मधु यादव, रोजी चावला, सोनिया गर्ग , आरती ,सोनी , माता सीता रानी सेवा संस्था की परामर्शदात्री रेहाना खान,डॉली मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।

Comments