अयोध्या रामलला के दर्शन हेतु गया भक्तों की टोलियों का जत्था दर्शन कर वापस पानीपत लौटा.
BOL PANIPAT : 2 मार्च को पानीपत से प्रारंभ हुई अयोध्या जी के लिए रामलला के दर्शन हेतु भ्रमण करने के लिए निकली राम भक्तों की टोलियों का जत्था पानीपत में यात्रियों के अपने मीठे अनुभवों के साथ वापिस पानीपत पंहुचा । यात्रा की अगुवाई करनाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद संजय भाटिया ने की थी। संसद इस यात्रा के साथ आम यात्रियों की तरह ही 2 मार्च को आस्था स्पेशल ट्रेन में ही निकले थे। यात्रा के दौरान सभी राम यात्रियों ने अपने-अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि ऐसी पहली यात्रा है, जिसमें राम भक्तों की टोलियां के रहने, ठहरने, खाने की व्यवस्था का बहुत अधिक ध्यान रखा गया। वहां पहुंचने के बाद राम भक्तों ने सरयू नदी में डुबकी लगाई एवं स्नान करने के बाद रामलला के दर्शनों के लिए यात्रियों ने नवनिर्मित मंदिर के लिए प्रस्थान किया और रामलला के दर्शन किये। इसके बाद यात्रियों ने हनुमानगढ़ी, कनक भवन, दशरथ भवन, कैकई भवन, रामघाट आदि दर्शनीय स्थलों का भ्रमण किया। अयोध्या में जय श्री राम के उद्घोषों से मानो ऐसा प्रतीक हो रहा था, जैसे साक्षात रूप से रामलला अयोध्या में राजतिलक करवा रहे हो। इस अवसर पर सांसद संजय भाटिया ने बताया कि सभी यात्री सकुशल एवं रोमांचित होकर अपनी यात्रा को विश्राम कर रहे हैं। सांसद संजय भाटिया ने कहा कि जल्दी ही अयोध्या के लिए एक-दो यात्राओं की व्यवस्था की जाएगी , ताकि सभी राम भक्त इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बन सके। सभी राम भक्त यात्रियों ने सांसद संजय भाटिया का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस यात्रा को संगठित करके सभी यात्रियों को रामलला के दर्शन करवाए। यात्रियों के लिए उत्तम व्यवस्था की जिम्मेवारी भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने की। भट्ट ने सभी यात्रियों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने मर्यादा में रहकर यात्रा को यादगार बनाया।

Comments