ब्लैक फिल्म लगी 12 गाड़ियों के चालान किए
BOL PANIPAT : 8 अप्रैल 2024, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में जिला पानीपत पुलिस द्वारा 1 अप्रैल से 7 अप्रैल तक ब्लैक फिल्म की गाड़ियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों के चलान कर कार्रवाई अमल में लाई गई। अभियान के तहत जिला पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा 12 ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों के चालान किए गए।
पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि ब्लैक फिल्म लगाना यातायात नियमों के खिलाफ है। जिसके लिए हरियाणा पुलिस द्वारा 1 अप्रैल से 7 अप्रैल 2024 तक विशेष अभियान चलाया गया। इस संबंध में यातायात प्रबंधक व थाना प्रभारी व चौकी इंचार्जों को विशेष निर्देश दे दिए गए हैं। अगर कोई भी वाहन चालक अपनी गाड़ी पर ब्लैक फिल्म लगाए हुए मिलता है तो उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए चालान किया जाएगा। यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि चालक गाड़ियों में काले शीशे नहीं लगवा सकते, क्योंकि ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों का इस्तेमाल आपराधिक कामों में हो सकता है। इसलिए गाड़ियों के शीशों पर काली फिल्म लगाना यातायात के नियमों के विरुद्ध है। इसके लिए विशेष अभियान चलाया गया है। इस अभियान के तहत पुलिस ने ब्लैक फिल्म लगी 12 गाड़ियों के मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान कर ब्लैक फिल्म उतारी गई है।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से यातायात के नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि वे यातायात के नियमों का पालन जरूर करें उनकी अनदेखी न करें। अगर कोई यातायात के नियमों कि अवहेलना करता हुआ मिलता है तो ऐसे वाहन चालकों के चालान किए जाएंगे। इसके अलावा उन्होंने लोगों से यह भी अपील की है कि यदि आपको कोई भी पटाखा मोटरसाइकिल चालक बुलेट पटाखा बजाता या किसी गाड़ी पर ब्लैक फिल्म लगी मिले तो आप तुरंत इसकी सूचना डायल 112 पर दे सकते हैं ताकि उनके खिलाफ कार्रवाई अमल लाई जा सके।

Comments