300 ग्राम गांजा नशा सहित तस्कर गिरफ्तार.
BOL PANIPAT : 14 अप्रैल 2024,थाना समालखा की हथवाला चौकी पुलिस टीम ने गांव हथवाला के नजदीक एक नशा तस्कर को 300 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान जोगिंद्र निवासी राक्सेहडा के रूप में हुई।

हथवाला चौकी इंचार्ज एएसआई कुलदीप ने बताया कि हथवाला चौकी पुलिस की टीम शनिवार को गश्त व जांच पड़ताल के दौरान हथवाला अड्डा पर मौजूद थी। टीम को तभी गुप्त सूचना मिली की संदिग्ध किस्म का एक युवक गांव राक्सेहडा की और से पैदल हथवाला गांव की तरफ आ रहा है। युवक के पास मादक पदार्थ होने की संभावना है। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने कर्ण भट्ठा के पास नाकाबंदी कर संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू कर दी। पुलिस टीम को कुछ देर पश्चात सामने से एक युवक पैदल आते हुए दिखाई दिया। युवक पास आने पर सामने खड़ी पुलिस टीम को देखकर एकदम से वापिस मुड़कर तेज कदमों से चलने लगा। पुलिस टीम ने कुछ कदमों पर ही युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान जोगिंद्र पुत्र दर्शन सिंह निवासी राक्सेहडा के रूप में बताई।
पुलिस टीम ने नियमानुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार समालखा अशोक गौतम की मौजूदगी में युवक की तलाशी ली तो पहनी हुई पेंट की जेब से गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजा का वजन करने पर 300 ग्राम पाया गया।
एएसआई कुलदीप ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने उक्त गांजा शॉर्टकट तरीके से पैसे कमाने के लिए करीब 15 दिन पहले दिल्ली आजाद नगर से एक अज्ञात ट्रक ड्राइवर से 4 हजार रुपये में खरीद कर लाने बारे स्वीकारा। आरोपी के खिलाफ थाना समालखा में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने रविवार को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

Comments