Sunday, July 5, 2026
Newspaper and Magzine


थाना इसराना प्रभारी ने पेट्रोल पंप संचालकों के साथ की बैठक. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at July 5, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 05 जुलाई : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के निर्देशानुसार जिले में अपराधों की रोकथाम, कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसी क्रम में थाना इसराना प्रभारी इंस्पेक्टर हरिराम ने रविवार को थाना परिसर में थाना क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंप संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में पेट्रोल पंपों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

थाना इसराना प्रभारी इंस्पेक्टर हरिराम ने कहा कि पेट्रोल पंप संवेदनशील सार्वजनिक स्थल हैं। ऐसे में यहां सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन किया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी संचालकों को निर्देश दिए कि पेट्रोल पंपों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी कैमरे हर समय सुचारु रूप से कार्य करें। कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस जांच में उसका उपयोग किया जा सके।
उन्होंने पेट्रोल पंपों पर कार्यरत सभी कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने, नकदी की सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अग्निशमन उपकरणों को हमेशा कार्यशील स्थिति में रखने के निर्देश दिए। साथ ही रात्रि के समय विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित थाना पुलिस अथवा डायल-112 पर देने का आह्वान किया।

प्रभारी इंस्पेक्टर हरिराम ने कहा कि पेट्रोल पंप पर आवश्यकता से अधिक नकदी न रखें। बैंक में नकदी जमा कराने जाते समय विशेष सावधानी बरतें। यदि अधिक नकदी बैंक में जमा करानी हो तो पुलिस को पूर्व सूचना देकर सुरक्षा सहायता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि पेट्रोल पंप परिसर में एक सूचना बोर्ड लगाया जाए, जिस पर थाना प्रभारी, पुलिस कंट्रोल रूम, डायल-112, अग्निशमन विभाग तथा एम्बुलेंस सेवा सहित अन्य महत्वपूर्ण मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से अंकित हों।

उन्होंने कहा कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण केवल पुलिस के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें आमजन एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों का सहयोग भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। समय पर दी गई सूचना कई बार बड़ी आपराधिक घटनाओं को रोकने में सहायक सिद्ध होती है। इसलिए सभी पेट्रोल पंप संचालक पुलिस के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी बिना किसी देरी के पुलिस तक पहुंचाएं।
बैठक में उपस्थित सभी पेट्रोल पंप संचालकों ने पुलिस द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करने, सुरक्षा मानकों को प्राथमिकता देने तथा क्षेत्र में सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

थाना प्रभारी निरीक्षक हरिराम ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य पेट्रोल पंपों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना, संचालकों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करना तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अपराधों की प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित करना है।
बैठक में पेट्रोल पंप संचालक सोहन लाल बठला, विजय जुनेजा, नवनीत सिंह, कंवर सिंह जागलान (एडवोकेट), डॉ. तरुण नारंग, रमेश नंबरदार, सुरेश जैन, हरजोत सिंह, रमेश मलिक, रविंद्र संधू सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Comments


Leave a Reply