नशा मुक्त हरियाणा अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने को किया प्रेरित
-एनसीबी हरियाणा का प्रयास- नशा मुक्त हो युवा और राष्ट्र का हो विकास
BOL PANIPAT । हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ओ.पी. सिंह साहब के दिशानिर्देशों एवं पुलिस अधीक्षक पंखुरी कुमार के मार्गदर्शन में पानीपत जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में एक दिवसीय नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अधिकारियों द्वारा विशेष रूप से नियुक्त ब्यूरो के जागरुकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी/उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा द्वारा यह कार्यक्रम आयोजित किया। ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी/उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यालय के 192 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि विधि अनुसार भारत में कोई भी व्यक्ति अफीम, भांग, गांजा, चरस, हेरोइन, स्मैक, चिट्टा, एलएसडी, नशीली गोलियां, नशीले टीके आदि न अपने पास रखेगा, न सेवन करेगा, न खरीदेगा और न बेचेगा। उन्होंने वार्तालाप के माध्यम से एकत्रित विद्यार्थियों को बताया कि हरियाणा में नारकोटिक्स कन्ट्रोल ब्यूरो का गठन हो चुका है। इस ब्यूरो का एकमात्र उद्देश्य हरियाणा प्रान्त को नशा मुक्त करना है। इसके लिए ब्यूरो और हरियाणा पुलिस नशे की तस्करी में संलिप्त अपराधियों को प्रतिदिन सलाखों के पीछे भेजने का कार्य कर रही है। इतना ही नहीं नशे में ग्रस्त हो चुके लोगों का निशुल्क उपचार कराया जाता है। प्रत्येक जिले के सरकारी अस्पताल में नशा मुक्ति केंद्र चल रहे हैं। डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विस्तारपूर्वक नशे के प्रवेश और निगमन बारे विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति यह नहीं चाहता कि उसकी संतान किसी भी प्रकार का नशा करे लेकिन नशे के तस्कर युवाओं को नशे का आदि बना रहे हैं। प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह ऐसे दुष्ट लोगों की गुप्त सूचनाएं 9050891508 पर देकर पुलिस का सहयोग करे। उन्होंने कहा गुप्त सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूर्ण रूप से गुप्त रहेगा। कविताओं और गायन के माध्यम से भी उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुर्गुण गिनवाए। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में नशा न करने की सौगंध दिलाई। इस अवसर पर विद्यालय की मुख्य शिक्षिका पूजा ने ब्यूरो अधिकारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि ये कार्यक्रम समय समय पर होते रहे तो बहुत अच्छा प्रभाव होगा।

Comments