युवा मतदान में लें बढ़चढ कर भाग. दूसरों को भी करें प्रेरित: डीसी
-मतदाताओं को जागरूक करने के लिए आर्य कॉलेज के विद्यार्थियों ने किया जिला सचिवालय में कार्यक्रम।
BOL PANIPAT, 20 सितंबर। विधानसभा आम चुनाव में शत प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को सफल बनाने की दिशा में जिला प्रशासन मतदाता जागरुकता अभियान के तहत अनेक गतिविधियां आयोजित कर रहा है। इसी कड़ी में व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं चुनावी भागीदारी (स्वीप) के तहत जिला सचिवालय में आर्य कॉलेज के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
डीसी डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि लोगों को मतदान के प्रति ज्यादा से ज्यादा जागरूक करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के तहत जिला सचिवालय में आर्य कॉलेज के विद्यार्थियों की ओर से मतदान की थीम पर आधारित नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। उन्होंने बताया कि जिला सचिवालय में सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किया गया है, जहां पर युवा अपनी फोटो क्लिक कर सकते हैं और सोशल मीडिया पर अपलोड करके दूसरों को भी मतदान का संदेश दे सकते हैं।
एडीसी डॉ पंकज यादव ने कहा कि भारतीय संविधान में प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मतदान का अधिकार दिया गया है। हमारे देश में युवाओं की संख्या अधिक है, इसलिए भारत को युवा देश कहते हैं। इस बात को युवाओं को समझना होगा कि लोकतंत्र में भागीदारी से लोकतंत्र मजबूत बनता है।
उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि लोकतंत्र के पर्व में वोट डालकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। वे खुद मतदान करने के साथ साथ अपने आस-पास के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना चाहिए।

Comments