Thursday, April 30, 2026
Newspaper and Magzine


कबूतरबाजी के मामलों में अनुसंधानकर्ता त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को जल्द काबू करें: एसपी लोकेंद्र सिंह आईपीएस

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at December 28, 2024 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : 28 दिसम्बर 2024, पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह आईपीएस ने शनिवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में पर्यवेक्षण अधिकारियों व अनुसंधानकर्ताओं की बैठक लेकर कबूतरबाजी के मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह आईपीएस ने इस दौरान कबूतरबाजी के दर्ज प्रत्येक मामलों में अनुसंधानकर्ताओं द्वारा आरोपियों को पकड़ने के लिए किये गए प्रयासों के बारे में विस्तार से जाना। उन्होंने अनुसंधानकर्ताओं को उक्त मामलों में जांच जल्द पूरी कर पेंडिग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए। बैठक में पर्यवेक्षण अधिकारियों व अनुसंधानकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे कबूतरबाजी के मामलों में सभी उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का उपयोंग करें, ताकि आरोपियों की पहचान और उनके खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा सकें।
पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह आईपीएस ने उक्त मामलों की निगरानी के लिए पर्यवेक्षण अधिकारियों को विशेष रूप से जिम्मेदारी सौंपी है।
बैठक में उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सतीश वत्स, उप पुलिस अधीक्षक श्री सुरेश कुमार सैनी, उप पुलिस अधीक्षक नवीन संधू, थाना मॉडल टाउन प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश शर्मा, सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर फुल कुमार, उरलाना चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर बंसीलाल व विभिन्न थाना के अनुसंधानकर्ता मौजूद रहें।

विदेश भेजने वाले अनाधिकृत ट्रेवल एजेंट एवं एजेंसियों से रहें सावधान

पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह आईपीएस ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि उनको शिक्षा, रोजगार व अन्य उद्देश्यों के लिए विदेश भेजने का प्रलोभन देकर धोखाधड़ी करने वाले अनाधिकृत ट्रेवल एजेंट एवं एजेंसियों से सावधान रहने की जरूरत है। लोगों को चाहिए कि वे सरकार की ओर से अधिकृत ट्रेवल एजेंट एवं एजेंसियों से ही विदेश जाने के लिए संपर्क करें और अच्छी तरह से पूछताछ कर लें। कबूतरबाजों पर हरियाणा पुलिस द्वारा लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह आईपीएस ने कहा कि प्राय: देखने में आता है कि विदेश भेजने के नाम पर लोगों से पैसे ठगने वाले एजेंट पंजीकृत नहीं होते हैं। इसलिए ऐसे एजेंटों से आमजन को सावधान और सतर्क रहने की जरूरत है। ऐसे नकली या अनाधिकृत एजेंट विभिन्न प्रचार माध्यमों में अपना विज्ञापन प्रकाशित व प्रसारित करवाते हैं, जिससे आमजन उनके झांसे में आकर अपनी मेहनत की कमाई, अन्य संपत्ति या गहने इत्यादि गंवा बैठते हैं।
उन्होंने कहा कि अनाधिकृत एजेंट व एजेंसी विदेश जाने के इच्छुक व्यक्ति को लक्षित देश की बजाय किसी अन्य देश एवं जगहों पर भेज देते हैं। ऐसे अनेक मामलों में कई बार विदेश जाने वाले व्यक्ति की जान को भी खतरा हो जाता है। इसलिए ऐसे कबूतरबाज ट्रैवल एजेंट व एजेंसियों से सावधान रहें।

Comments