एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने मामले में गिरोह के दूसरे आरोपी को काबू किया.
BOL PANIPAT : 02 फरवरी 2025, सीआईए टू पुलिस टीम ने नूरवाला अड्डा स्थित एटीएम बूथ पर पैसे निकालने गई महिला का एटीएम कार्ड बदलकर 54990 रूपये की ठगी करने मामले में गिरोह के दूसरे आरोपी को शनिवार देर शाम दबिश देकर वजीरपुर टिटाना गांव से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान धर्मपाल निवासी वजीरपुर टिटाना के रूप में हुई है।
सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि गहनता से पूछताछ करने व आरोपी के हिस्से में आई ठगी की नगदी बरामद करने के लिए पुलिस ने रविवार को आरोपी धर्मपाल को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे 4 दिन के पुलिस डिमांड पर हासिल किया।
मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके एक आरोपी से ठगी की राशि में से 17 हजार 500 रूपए बरामद कर आरोपी को जेल भेजा जा चुका है।
सीआईए टू पुलिस टीम ने ठगी की उक्त वारदात का पर्दाफ़ाश कर जून 2024 में आरोपी नसीब निवासी लोहचब जीन्द हाल किरायेदार विश्मबर नगर रोहतक को पानीपत अनाज मंडी से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी आरोपी धर्मपाल पुत्र चंद्र निवासी वजीरपुर टिटाना के साथ मिलकर एटीएम बूथ पर महिला का एटीएम कार्ड बदलकर 54990 रूपये निकालने की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा था। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया था कि उसने ठगी राशि में से 12 हजार 500 रूपए साथी आरोपी धर्मपाल को देकर बाकी पैसे अपने पास रख लिए थे। पुलिस ने आरोपी नसीब के कब्जे से बचे 17 हजार 500 रूपए बरामद कर रिमांड अवधी पूरी होने पर उसे माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया था और फरार आरोपी धर्मपाल की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
यह है मामला
थाना तहसील कैंप में रमन देवी पत्नी रवि निवासी इद्रा विहार कॉलोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह पहली बार 13 जून को सुबह नूरवाला अड्डा पर स्थित एटीएम से पैसे निकालने गई थी। मशीन में कार्ड डालकर पैसे निकालने लगी तभी दो लड़के अंदर आए और कहा एटीएम कार्ड गलत लगा रखा है। युवकों ने पैसे निकालने में सहायता करने की बात कहकर उससे एटीएम कार्ड लेकर पिन नंबर पूछा और एटीएम मशीन से 10 हजार रूपये निकालकर उसको दे दिए। साथ में वैसा ही एटीएम कार्ड भी दिया। पैसे लेकर वह घर की तरफ जा रही थी थोड़ा चलते ही उसके पिता जी का फोन आया जिन्होंने पैसे निकालने बारे पूछा। उसने बताया कि 10 हजार रूपये निकलवाए है। पिता जी ने बताया कि खाते से और 54990 रूपये निकलने का मैसेज आया है। वह वापिस एटीएम बूथ पर गई तो वह दोनों लड़के जा चुके थे। आरोपियों ने धोखधड़ी कर उसका एटीएम कार्ड बदलकर 54990 रूपये की नगदी निकाल ली। रमन देवी की शिकायत पर थाना तहसील कैंप में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments