Thursday, April 30, 2026
Newspaper and Magzine


केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने पानीपत के जिला सचिवालय में ली जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at February 5, 2025 Tags: , , , ,

-अधिकारियों को दिए निर्देश,योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को समय पर दे।

BOL PANIPAT , 5 फरवरी। केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने जिला सचिवालय में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों से कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ पात्र लोगों को मिलना चाहिये। किसी भी योजना में सुधार के लिये कोई सुझाव है तो उसे जरूर बतायें। योजना में संशोधन कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कल्याणकारी राज्य का उद्देश्य भी  गरीबों, जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
        केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि अधिकारी विकासात्मक परियोजनाओं की गति तेज करें और जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति को समय पर दें तथा जनता के सेवक बनकर कार्य करें। बैठक के एजेंडे में केंद्र सरकार की शामिल 40 योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ उन्हीं को मिलेगा जिनकी पक्की रजिस्ट्री होगी, फूल पेमेंट एग्रीमेंट वालों के लिए यह योजना नहीं होगी। पानीपत में करीब 276 केस ऐसे हैं। उन्होंने एमपीएलएडीएस (सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना) के तहत लंबित कार्यों के बारे में जानकारी भी मांगी, जिस पर उन्होंने कहा कि तय समय में ये कार्य पूरे कर लिये जाएं।  
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि राजस्व रिकार्ड से जमीन के स्वामित्व का पता लगाया जाये। उन्होंने ई नेशनल एग्रीकल्चर मार्केट को लेकर भी निर्देश दिए कि ऑन लाइन ट्रेडिंग के लिए भी पूरा खाका तैयार कर आगामी बैठक में प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि इस मामले को हल करने के लिये यथासंभव कदम उठाये जायें। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के तहत केंद्र की सर्वे टीम के साथ स्थानीय अधिकारियों को भेजने के भी निर्देश दिए।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकानों के बारे में लोगों को बताया जाए कि पहले, दूसरे, तीसरे, चौथे व पांचवें साल कितने मकान बनाये जायेंगे। पात्र लोगों को भी इस बारे में सूचित किया जाये कि उसे कौन से साल मकान मिलेगा। उन्होंने सोइल हेल्थ कार्ड बनाए जाने को लेकर भी निर्देश दिए कि इसके लिए स्कूलों के 12वीं कक्षा के विज्ञान के विद्यार्थियों की सहायता ली जाए। उन्होंने कृषि अधिकारियों को निर्देश दिये कि मिट्टी की गुणवत्ता की जांच के लिये लोगों को जागरूक करने के लिये अभियान चलायें। दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय योजना के तहत हुए कार्यों की समीक्षा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ऐसी व्यवस्था बनायें जिससे यह पता चल सके स्वयं सहायता समूह(एसएचजी)क्या कार्य करता है, कौन सा उत्पाद तैयार करता है, तैयार उत्पाद का क्या प्रमाणीकरण कराया जाता है।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने शिक्षा अधिकारी को स्कूलों में टूटे डयूल डेस्क की समय पर मरम्मत कराने के निर्देश दिये इसके लिए आईटीआई के विद्यार्थियों की सहायता ली जाए।  उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग की अधिकारी से कहा कि ऐसा पोर्टल बनाया जाये जिससे कि बच्चों को वितरित किये गये राशन, उनकी उपस्थिति की पूरी जानकारी का पता चल सके। लोग अक्सर शिकायत करते हैं कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चे कम होते हैं और राशन अधिक बच्चों को वितरित दिखाया जाता है। कागजों में बच्चों का नाम आंगनवाड़ी में दर्शाया जाता है और बच्चे घरों में ही रहे हैं। उन्होंने लिंग अनुपात में सुधार के लिये पीसीपीएनडीटी एक्ट को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिये। इस मौके पर पूर्व सांसद संजय भाटिया, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, डीसी डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया, एडीसी डॉ पंकज यादव, जिला परिषद के सीईओ नरेंद्र पाल मलिक, एसडीएम पानीपत ब्रह्मप्रकाश, एसडीएम समालखा अमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे।

Comments