Saturday, April 18, 2026
Newspaper and Magzine


भारत गौरव स्पेशल टूरिस्ट ट्रेन से होगी चार ज्योतिर्लिंग व स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की यात्रा: डीसी डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 15, 2025 Tags: , , , , , , ,

-25 अक्टूबर से 2 नवंबर तक 9 दिनों धार्मिक और देशभक्ति से जुड़ा अनोखा अनुभव

-यात्रियों के लिए एक बार फिर से विशेष धार्मिक और पर्यटन पैकेज

-श्रद्धालुओं को एक साथ चार ज्योतिर्लिंग दर्शन और विश्व प्रसिद्ध स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का सौभाग्य मिलेगा

BOL PANIPAT , 15 सितंबर। डीसी डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन लिमिटेड  यात्रियों के लिए एक बार फिर से विशेष धार्मिक और पर्यटन पैकेज लेकर आया है। इस बार भारत गौरव स्पेशल टूरिस्ट ट्रेन के जरिए श्रद्धालुओं को एक साथ चार ज्योतिर्लिंग दर्शन और विश्व प्रसिद्ध स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का सौभाग्य मिलेगा।
  उन्होंने बताया कि यह विशेष यात्रा 25 अक्टूबर 2025 को अमृतसर से शुरू होकर 2 नवंबर 2025 को अमृतसर लौटेगी।
उन्होंने बताया कि आईआरसीटीसी, जो भारतीय रेल मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत एक नवरत्न कंपनी है, लगातार देश में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष पैकेज लाती रही है। इसी कड़ी में धार्मिक पर्यटन और देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह यात्रा तैयार की गई है। इस अनूठे पैकेज को फोर ज्योतिर्लिंग यात्रा विथ स्टैच्यू ऑफ यूनिटी नाम दिया गया है।
डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने बताया कि यह नौ दिनों की यात्रा श्रद्धालुओं के लिए एक अनूठा अवसर होगी, जिसमें वे आध्यात्मिकता, आस्था और राष्ट्रभक्ति का संगम देख सकेंगे। पैकेज के तहत चार प्रमुख ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इसमें उज्जैन – महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग इंदौर – ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, द्वारका – नागेश्वर व द्वारकाधीश मंदिर, वेरावल – सोमनाथ ज्योतिर्लिंग इसके साथ ही यात्रियों को गुजरात के केवडिय़ा में स्थित विश्व की सबसे ऊँची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का भी अवलोकन कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को धार्मिक स्थलों के साथ-साथ भारत की गौरवशाली धरोहर और एकता के प्रतीक सरदार वल्लभभाई पटेल की स्मृति से जोडऩा है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु केवल मंदिरों की भव्यता ही नहीं देखेंगे, बल्कि देश की एकता और अखंडता का संदेश भी लेकर लौटेंगे। उन्होंने बताया कि रेलवे के अनुसार पूरे पैकेज की अवधि 8 रात और 9 दिन की है। ट्रेन अमृतसर से 25 अक्टूबर को रवाना होगी और 2 नवंबर को वापस अमृतसर लौटेगी।
उन्होंने बताया कि आईआरसीटीसी ने यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखने का भरोसा दिलाया है। ट्रेन में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, ताकि श्रद्धालु आरामदायक माहौल में धार्मिक और सांस्कृतिक अनुभव का आनंद ले सकें। ध्यान रहे कि ऐसे पैकेज न केवल श्रद्धालुओं के लिए लाभकारी हैं, बल्कि यह देश में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देते हैं। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है, क्योंकि बड़ी संख्या में पर्यटक इन स्थलों पर जाते हैं और वहां के व्यापार से जुड़ते हैं।
    विशेष बात यह है कि आईआरसीटीसी की यह पहल यात्रियों के लिए धार्मिक आस्था और राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय संगम साबित होगी। जो लोग धार्मिक स्थलों का दर्शन करने की इच्छा रखते हैं और साथ ही स्टैच्यू ऑफ यूनिटी जैसी ऐतिहासिक धरोहर को नजदीक से देखना चाहते हैं, उनके लिए यह यात्रा यादगार अवसर बनने जा रही है।

Comments