Monday, May 18, 2026
Newspaper and Magzine


आर्य कॉलेज में पांच दिवसीय योग शिविर का हुआ शुभारंभ.

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at June 18, 2025 Tags: , , , ,

-योग स्वस्थ रहने का सिद्धांत है : डॉ. गुप्ता

BOL PANIPAT , बुधवार 18 जून 2025, आर्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय व आयुष विभाग, हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 17 से 21 जून के बीच पांच दिवसीय योग शिविर की शुरुआत हुई।शिविर में योग प्रशिक्षकों द्वारा योगासन के महत्व के बारे में छात्रों को अवगत कराया गया। कार्यक्रम में आयुष विभाग से योग विशेषज्ञ रेणु एवं प्रशिक्षक नरेश कंबोज का महाविद्यालय प्रांगण में पहुंचने पर प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। योग प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को विभिन्न योगासन अभ्यास करवाए। शिविर के सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने शिविर की आयोजक डॉ. सोनिया सोनी,डॉ. रजनी शर्मा व प्राध्यापक पंकज चौधरी को शिविर के शुभारंभ के लिए बधाई दी।
प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने कहा कि इस शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों और अच्छे चरित्र का विकास करना, योग के लाभों के बारे में जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया की शिविर की शुरुआत ओम ध्वनि के साथ की गई। महाविद्यालय प्रांगण में आयोजित योग सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, धनुरासन, वज्रासन, पद्मासन और शवासन सहित विभिन्न योगासन अभ्यास के जरिये स्टाफ सदस्यों और विद्यार्थियों को निरोगी जीवन जीने और मन को एकाग्र रखने का अभ्यास करवाया गया। उन्होंने कहा कि योग हमारे लिए स्वस्थ रहने का सिद्धांत है। इससे हम तन और मन को स्वच्छ और एकाग्र रख सकते हैं। 

वहीं, योग विशेषज्ञ रेणु एवं प्रशिक्षक नरेश कंबोज ने कहा कि योग से स्वस्थ मन की प्राप्ति होती है। योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि संपूर्ण जीवन शैली को सुधारने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान तकनीकों का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के शारीरिक और मानसिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए इसे दैनिक जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि योग केवल हमारे तन को ही स्वस्थ नहीं रखता बल्कि मन और विचारों को भी शुद्ध रखता है। नियमित योग एवं आसन करने से हमारे शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और योग को अपने दिनचर्या में जोड़ने से हम संसार के सबसे बड़े सुख निरोगी काया का आनंद ले सकते है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।

इस मौके पर सभी स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

Comments