योग दिवस कार्यक्रम को लेकर सभी प्रकार की तैयारियां पूर्ण: उपायुक्त डॉ. विरेन्द्र कुमार दहिया
BOL PANIPAT , 20 जून। 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक करवाने को लेकर सभी प्रकार की तैयारियां पूर्ण हैं। उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने जानकारी देते हुए बताया कि शिवाजी स्टेडियम मॉडल टाउन में आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रम में कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन एवं डेयरी मत्स्य पालन मंत्री श्याम सिंह राणा बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगे।
कार्यक्रम को लेकर लोगों में विशेष उत्साह है। आयुष विभाग एवं हरियाणा योग आयोग द्वारा एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिए योग योग के स्लोगन को लेकर आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग कार्यक्रम में विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि के अलावा संस्थाओं के सदस्य योग कार्यक्रम में प्रोटोकॉल से जुड़ेंगे। एक हजार के करीब स्कूली बच्चे भी योग प्रक्रियाओं का हिस्सा रहेंगे।

आयुष विभाग के जिला कोऑर्डिनेटर डॉ. संजय राजपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 5 बजकर 45 मिनट पर मुख्य अतिथि शिवाजी स्टेडियम में शिरकत करेंगे। 6 बजे से 6 बजकर 30 मिनट तक मुख्यमंत्री नायब सिंह का वर्चुअल सम्बोधन रहेगा। 6 बजकर 30 मिनट से 7 बजे तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल सम्बोधन रहेगा, 7 बजे से प्रोटोकॉल तक योग रहेगा व उसके पश्चात मुख्य अतिथि का संबोधन होगा। राष्ट्रगान के पश्चात कार्यक्रम सम्पन्न होगा। उन्होंने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के तहत इसराना में मेयर कोमल सैनी, समालखा विधानसभा क्षेत्र में विधायक मनमोहन सिंह भड़ाना, मडलौडा खण्ड में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजेश शर्मा, बापौली खण्ड में नगराधीश टिनू पोसवाल और सनौली खुर्द में जिला परिषद चेयरमैन काजल देशवाल योग कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।

Comments