Monday, May 18, 2026
Newspaper and Magzine


संविदा श्रमिकों के स्वास्थ्य व सुविधा के लिए पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स में निर्मित किए गए तीन नए विश्राम कक्ष

By LALIT SHARMA , in Business , at June 26, 2025 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) ने संविदा श्रमिकों के स्वास्थ्य, आराम और सुविधा को प्राथमिकता देने के अपने सतत प्रयास के तहत पानीपत रिफाइनरी के बैटरी क्षेत्र में तीन विश्राम कक्षों का निर्माण किया है। इसी कड़ी में, 26 जून 2025 को एक विश्राम कक्ष का उद्घाटन एम.एल. डहरिया, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, पीआरपीसी द्वारा श्रम विभाग, पानीपत के औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक अनुराग गहलावत की गरिमामयी उपस्थिती में किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधकों तथा इंडियनऑयल ऑफिसर्स एसोसिएशन (आईओओए) और इंडियन पेट्रोकेमिकल्स एंड रिफाइनरी इंप्लॉइज यूनियन (आईपीआरईयू) के प्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। 

लगभग 460 वर्गमीटर क्षेत्र में बने इस भवन में पुरुष एवं महिला श्रमिकों के लिए अलग-अलग स्वच्छ शौचालय तथा आठ बड़े एयर कूलर लगाए गए हैं ताकि श्रमिक अपने अवकाश अथवा भोजनावकाश के दौरान उचित विश्राम कर सकें। ठंडे पानी की सुविधा के लिए वाटर कूलर भी उपलब्ध कराया गया है। इस भवन में एक साथ लगभग 200 श्रमिक भोजनावकाश के दौरान आराम कर सकते हैं, जिससे विशेष रूप से ‘शटडाउन’ अवधि में, जब बड़ी संख्या में श्रमिक अस्थायी आश्रय में रहते हैं, उन्हें राहत मिल सके।

यह पहल इंडियनऑयल के मुख्य मूल्य ‘केयर’ को दर्शाती है और श्रमिकों के लिए एक आवश्यक सुविधा प्रदान करती है ताकि वे अपनी ड्यूटी के दौरान, विशेष रूप से भीषण गर्मी में, आराम, पुनः ऊर्जा प्राप्त कर सकें। इस सुसज्जित कक्ष में पंखे, वाटर कूलर, एयर कूलर तथा स्वच्छता युक्त अलग-अलग शौचालय श्रमिकों के स्वास्थ्य और सुविधा सुनिश्चित करते हैं।

इस परियोजना के माध्यम से पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स अपनी कार्यबल के कल्याण तथा समावेशिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः पुष्ट करता है।

Comments