जिला सचिवालय में आयोजित हुए समाधान शिविर में आई 58 शिकायतें।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को दिए शिकायतें दूर करने के निर्देश।
BOL PANIPAT, 24 जुलाई। वीरवार को जिला सचिवालय के द्वितीय तल के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में नगर निगम के संयुक्त आयुक्त डॉ संजय कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समाधान शिविर में आई शिकायतों पर ध्यान केंद्रित करें। समाधान शिविर में प्राप्त हर शिकायत का यथाशीघ्र उचित निपटारा किया जाए। उन्होंने नगराधीश टिनू पोसवाल, डीपीओ राजेश शर्मा और डीएसपी सतीश सुभाष के साथ समाधान शिविर में आई शिकायतों को सुना और समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने नागरिकों की शिकायतों की सुनवाई करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार एक छत के नीचे नागरिकों की हर शिकायत के तुरंत निदान के लिए सप्ताह के हर सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे है। उन्होंने समाधान शिविर में राजस्व विभाग, विकास एवं पंचायत, पुलिस, नगर निगम, जनस्वास्थ्य, कॉमन सर्विस सेंटर, परिवार पहचान पत्र इत्यादि से संबंधित शिकायतों की सुनवाई के दौरान संबंधित अधिकारियों को मौके पर निपटारे के निर्देश दिए।
नगराधीश टीनू पोसवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि समाधान शिविर में आने वाली जन शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए सभी विभागाध्यक्ष गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी आपसी समन्वय से शिकायतों के जल्द से जल्द निवारण की दिशा में काम करें। हरियाणा सरकार की महत्वपूर्ण पहल पर समाधान शिविर नागरिकों के लिए एक सशक्त मंच बनकर उभरा है। समाधान शिविर के माध्यम से नागरिक अपनी समस्याओं को सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं। समाधान शिविर में 58 नागरिकों ने समस्याओं को रखा।

Comments