काकौदा रोड पर 1 किलो 100 ग्राम गांजा सहित नशा तस्कर गिरफ्तार.
BOL PANIPAT : 06 अगस्त 2025, एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने काकौदा रोड पर एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। आरोपी नशा तस्कर की पहचान काकौदा निवासी गुरमुख के रूप में हुई है।
एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित सरोहा ने बताया कि उनकी टीम मंगलवार को गश्त के दौरान बुआना लाखू अड्डे पर थी। तभी टीम को गुप्त सूचना मिली कि काकौदा रोड पर लोहा गेट के नजदीक स्थित कोठड़े के पास एक युवक मादक पदार्थ लेकर किसी के इंतजार में खड़ा है।
सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम लोहा गेट के पास पहुंची तो सामने खड़ा युवक पुलिस टीम को देखकर हाथ में पकड़ी प्लास्टिक पोलोथिन को लेकर काकौदा की तरफ भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए कुछ कदमों पर ही युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान गुरमुख पुत्र उजागर सिंह निवासी काकौदा के रूप में बताई।
पुलिस टीम ने नियमानुसार डयूटी मेजिस्ट्रेट की मौजूदगी में युवक की प्लास्टिक पोलोथिन की तलाशी ली तो गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजा का वजन करने पर 1 किलो 100 ग्राम पाया गया।
प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित सरोहा ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया वह कुछ दिन पहले यूपी के शामली गया था। वहा मिले एक अज्ञात युवक से 2 किलो गांजा कम कीमत पर खरीदकर लाया था। जिसमें से उसने कुछ गांजा अज्ञात नशा करने वालों को बेच दिया। और बचे 1 किलो 100 ग्राम गांजा को लेकर मंगलवार को बेचने के लिए ग्राहक की फिराक में घूम रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना इसराना में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर बुधवार को पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।

Comments