Friday, June 12, 2026
Newspaper and Magzine


डायरिया को लेकर आमजन को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की आवश्यकता: अतिरिक्त उपायुक्त एवं निगम आयुक्त डॉ पंकज

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 10, 2025 Tags: , , , , ,

-डायरिया के मामलों को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

-बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का रखे विशेष ध्यान

-पीएचसी और सीएचसी में भरपूर सुविधाए उपलब्ध

BOL PANIPAT , 10 सितम्बर। जिले में डायरिया के मामलों को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। अतिरिक्त उपायुक्त एवं निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने इस संबंध में हेल्थ विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि हाल ही में मौसम में बदलाव और बरसात के चलते डायरिया और डेंगू जैसी बीमारियों का खतरा है, ऐसे में आमजन को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की नितांत आवश्यकता है।
    डॉ. पंकज यादव ने खास तौर पर हेल्थ विभाग के अधिकारियों को आदेश दिए है कि डायरिया और उल्टी-दस्त के मामलों को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने कहा कि लोग पानी को हमेशा उबालकर ही पिएं तथा खुले में बिक रहे कटे हुए फल या सब्जियों से परहेज करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि। उल्टी-दस्त या डायरिया की स्थिति में किसी भी व्यक्ति को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र, विशेषकर पीएचसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से तुरंत संपर्क करना चाहिए व वहां उन्हें दाखिल करवाना चाहिए।
हर सीएचसी और पीएचसी पर स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों की टीम तैनात है और पर्याप्त दवाइयों व सुविधाओं का प्रबंध है।
    अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि इस स्थिति में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें, क्योंकि यह वर्ग संक्रमण के प्रति सबसे ज्यादा संवेदनशील होता है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि यदि किसी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति बाधित होती है तो तुरंत एसडीएम कार्यालय को इसकी सूचना दी जाए, ताकि वैकल्पिक व्यवस्था की जा सके।
    अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से विशेष हेल्थ टीमों का गठन किया है। ये टीमें गांव-गांव और शहर के विभिन्न इलाकों में जाकर लोगों को डायरिया से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक करेंगी। साथ ही स्वच्छता अभियान को और तेज किया गया है। डॉ. पंकज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालियों और जलभराव वाले क्षेत्रों की नियमित सफाई कराई जाए और कहीं भी गंदा पानी इक_ा न होने पाए।
उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि जिले में डायरिया और अन्य जलजनित बीमारियों को फैलने से रोका जाए। इसके लिए लोगों का सहयोग भी आवश्यक है। आमजन को चाहिए कि वे साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, हाथ धोने की आदत डालें और बाहर का बासी भोजन न करें।
प्रशासन का कहना है कि जिले में स्वास्थ्य सेवाएं पर्याप्त हैं और दवाइयों की कोई कमी नहीं है। जिला अस्पताल से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक जरूरी इंतजाम कर दिए गए हैं। डॉ. पंकज ने सभी अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वे जमीनी स्तर पर र्र्सिक्रय रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें।
अतिरिक्त उपायुक्त एवं निगम आयुक्त डॉक्टर पंकज ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत स्थानीय प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही डायरिया जैसी बीमारियों पर काबू पाया जा सकता है।

Comments