Sunday, April 26, 2026
Newspaper and Magzine


जनता समाधान शिविर में अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के एसडीएम ने  दिए निर्देश

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 11, 2025 Tags: , , , , ,

-जनता की समस्याओं पर गंभीरता से काम करें अधिकारी, एसडीएम ने लिया संज्ञान

-जरूरतमंदों को समाधान शिविर में मिला भरोसा: सीईओ डॉ किरण

-अधिकारी अपनी-अपनी विभागीय शिकायतों पर और अधिक तेजी से काम करें: नगराधीश

-पुलिस विभाग जनता की सुरक्षा और सुविधा के लिए सदैव तत्पर: डीएसपी सतीश वत्स

BOL PANIPAT , 11 सितंबर। हरियाणा सरकार द्वारा पूरे प्रदेश में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगाए जा रहे जनता समाधान शिविर अब नागरिकों के लिए राहत और उम्मीद का जरिया बनते जा रहे हैं। एक प्रकार से ये समाधान शिविर प्रशासन की संवेदनशीलता और जवाबदेही की मिसाल साबित हो रहें हैं, जिसने न केवल आमजन के दिलों में विश्वास जगाया है बल्कि अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सकारात्मक असर डाला है। इसी कड़ी में जिला सचिवालय सभागार में गुरुवार को आयोजित किए गए जनता समाधान शिविर में अधिकारियों ने आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुना और तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

  शिविर की अध्यक्षता कर रहे एसडीएम मनदीप सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता की समस्याओं का निवारण तभी संभव है जब अधिकारी उसमें पूरी रुचि लें। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समस्याओं का समाधान ही हमारी प्राथमिकता है, और यदि विभागीय अधिकारी तत्परता से काम करेंगे तो जनता को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।

  जिला परिषद की सीईओ डॉ. किरण सिंह ने कहा कि शिविर में वही लोग अपनी समस्या लेकर आते हैं जिन्हें वास्तव में मदद की जरूरत होती है। ऐसे में अधिकारियों का दायित्व बनता है कि वे न केवल उनकी बात ध्यान से सुनें बल्कि जल्द से जल्द उसका समाधान भी सुनिश्चित करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता का विश्वास तभी कायम रह सकता है जब समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से हो।

    नगराधीश टीनू पोसवाल ने जन शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी-अपनी विभागीय शिकायतों पर और अधिक तेजी से काम करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों का लंबित रहना जनता के विश्वास को कमजोर करता है, इसलिए कार्यवाही में तत्परता दिखाना जरूरी है।

  पुलिस विभाग से जुड़े मुद्दों को लेकर पुलिस उप अधीक्षक सतीश वत्स ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे इनका निपटारा प्राथमिकता के आधार पर करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस विभाग जनता की सुरक्षा और सुविधा के लिए सदैव तत्पर रहेगा।

    शिविर में पंचायत विभाग से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजेश शर्मा ने कहा कि विभाग को दी गई प्रत्येक शिकायत पर निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि पंचायत स्तर पर किसी भी नागरिक की समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। शविर में इस बार पुलिस विभाग, पेंशन विभाग और क्रेडिट विभाग से जुड़ी 55 शिकायतें सामने आईं। एसडीएम मनदीप सिंह ने इन शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनता समाधान शिविर में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी समस्याएं रखीं। कई लोगों ने यह भी कहा कि इस तरह के शिविरों से उन्हें सीधे प्रशासन तक अपनी बात रखने का अवसर मिलता है और समस्याओं का हल जल्द निकलने की उम्मीद रहती है। प्रार्थी आजाद सिंह वासी निबरी ने मजदूरी दिलवाने के लिए प्रशासन से प्रार्थना की। प्रार्थी निर्मला वासी इसराना ने विधवा पेंशन बनवाने के लिए प्रशासन से अनुरोध किया।  प्रार्थी गुलशन कुमार वासी रामनगर ने राशन कार्ड बनवाने के लिए प्रशासन से अनुरोध किया। प्रार्थी प्रवीण कुमार वासी सींक ने बिजली मीटर ठीक करवाने व बिल ठीक करवाने के लिए प्रशासन से अनुरोध किया। प्रार्थी अहर वासियों ने शहीद भुर सिंह की स्मृति में शहीदी पार्क में उनकी प्रतिमा का निर्माण करने के लिए ग्रांट मंजूर करवाने का प्रशासन से अनुरोध किया। इस मौके पर डिप्टी सीएमओ दिव्या साहनी, जन स्वास्थ्य विभाग की कार्यकारी अभियंता करण बहल, सहायक रोजगार अधिकारी विनीता, मत्स्य अधिकारी मदन मोहन, पुलिस कंप्लेंड अधिकारी सुरेश, संजीव, जोगिंदर के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments