Tuesday, April 28, 2026
Newspaper and Magzine


आर्य कॉलेज में स्तन एवं सवाईकल कैंसर जागरूकता के विषय पर हुआ  “ओजस्विनी”  सेमिनार का आयोजन

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at September 25, 2025 Tags: , , , ,

–    संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वच्छ जीवनशैली अपनाकर बीमारियों से बचाव संभव – डॉ. शुभांजलि सेन  

BOL PANIPAT – गुरुवार 25 सितंबर 2025, आर्य पीजी कॉलेज में शुक्रवार को वुमन डेवलपमेंट सेल एवं लीनेस यूथ विंग, पानीपत क्लब के संयुक्त तत्वावधान में स्तन एवं सवाईकल कैंसर जागरूकता विषय पर “ओजस्विनी” नामक एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का उद्देश्य छात्राओं एवं महिलाओं में कैंसर के लक्षण, कारण, बचाव और समय पर इलाज की जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सुप्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं प्रमुख लपरोस्कोपिक सर्जन डॉ. शुभांजलि सेन ने शिरकत की। कार्यक्रम में पहुँचने पर महाविद्यालय की उपाचार्या डॉ. अनुराधा सिंह एवं वुमन डेवलपमेंट सेल की इंचार्ज डॉ. मीनल तालस ने मुख्य वक्ता का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. शुभांजलि सेन ने छात्राओं एवं महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत में महिलाओं में सबसे अधिक पाए जाने वाले कैंसरों में स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर प्रमुख हैं। उन्होंने बताया कि यदि कैंसर के शुरुआती लक्षणों को पहचानकर समय पर इलाज किया जाए तो इसे पूरी तरह से नियंत्रित किया जा सकता है। महिलाओं को नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए और शरीर में होने वाले किसी भी असामान्य परिवर्तन को नज़रअंदाज़ नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वच्छ जीवनशैली अपनाकर इन बीमारियों से काफी हद तक बचाव संभव है। डॉ. सेन ने स्व-जांच की विधि को भी सरल भाषा में समझाया और छात्राओं को इसकी प्रैक्टिकल जानकारी दी। अंत में उन्होंने छात्राओं को नियमित स्व-परीक्षण करने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी।

सेमीनार में छात्राओं ने मुख्य वक्ता डॉ. शुभांजलि सेन से सवाल पूछे और उन्होंने सरल भाषा में उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय की उपाचार्या डॉ. अनुराधा सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं को न केवल जानकारी प्रदान करते हैं बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सजग भी बनाते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के सेमिनार समाज में एक सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं। उन्होंने छात्राओं से आग्रह किया कि वे यहाँ प्राप्त जानकारी को अपने परिवार और समाज तक पहुँचाएँ ताकि अधिक से अधिक महिलाएँ लाभान्वित हो सकें।

महिला सेल की प्रभारी डॉ. मीनल तालस ने कहा कि अपने संबोधन में कहा कि ऐसे सेमिनार छात्राओं के व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञान तभी सार्थक है जब उसे समाज तक पहुँचाया जाए। आज की युवा पीढ़ी न केवल अपने जीवन में जागरूकता ला सकती है बल्कि समाज में भी बदलाव की प्रेरणा बन सकती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है जब विद्यार्थी समाज की भलाई के लिए आगे आएँ।

कार्यक्रम में मंच संचालन की भूमिका प्राध्यापिका मानवी अरोड़ा द्वारा निभाई गई।

इस अवसर पर डॉ. मीनल तालस, संस्था की अध्यक्षा पूजा गोयल, सचिव मीनू बंसल, सदस्य मोनिका गुप्ता, शालिनी गोयल, प्राध्यापिका ममता, निकिता, मानवी अरोड़ा, खुशबू वर्मा, डिम्पल, रेखा, अंजू शर्मा, सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

Comments