Friday, June 5, 2026
Newspaper and Magzine


पानीपत रिफ़ाइनरी में औद्योगिक सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन.

By LALIT SHARMA , in Business , at September 26, 2025 Tags: , , , , , ,

BOL PANIPAT : 26 सितम्बर,  2025, हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार श्रम विभाग, हरियाणा द्वारा प्रदेशभर में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक “श्रमिक सम्मान एवं जागरूकता समारोह” का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में पानीपत रिफ़ाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (PRPC) द्वारा “औद्योगिक सुरक्षा जागरूकता अभियान” के अंतर्गत एक विशेष औद्योगिक सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन 26 सितम्बर 2025 को किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अनुराग गहलावत, संयुक्त निदेशक, औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य, पानीपत उपस्थित रहे। इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक एवं रिफ़ाइनरी प्रमुख एम. एल. डहरिया ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका हार्दिक स्वागत किया।

कार्यशाला के दौरान अनुराग गहलावत ने संविदा कर्मियों एवं रिफ़ाइनरी कर्मियों के साथ संवाद करते हुए औद्योगिक सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और सारे श्रमिकों को सुरक्षा की अनिवार्यता और उपयोगिता से अवगत कराया। औद्योगिक सुरक्षा कार्यशाला में श्रमिकों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (Personal Protective Equipment – PPE) की उपयोगिता समझाई और इसका सही तरीके से प्रयोग कैसे किया जाए, इसका व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया । कार्यशाला के बाद अनुराग गहलावत द्वारा संविदा कर्मियों को पीपीई किट भी वितरित की गई ।

अनुराग गहलावत ने पानीपत रिफ़ाइनरी के पी-25 प्रोजेक्ट के अंतर्गत एल & टी साइट का भी दौरा किया। उन्होंने कार्यस्थल का निरीक्षण करते हुए श्रमिकों को सुरक्षा नियमों के पालन, पीपीई के अनिवार्य उपयोग तथा सुरक्षित कार्य-प्रथाओं के महत्व से अवगत कराया। तत्पश्चात श्री अनुराग गहलावत द्वारा संविदा कर्मियों को पीपीई किट भी वितरित की गई। 

इस अवसर पर ओम प्रकाश, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन), संजय कुमार, महाप्रबंधक ( कर्मचारी सेवाए) एवं  आशुतोष पांडे, कारख़ाना प्रबन्धक  सहित अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अनुराग गहलावत ने कहा:

“औद्योगिक सुरक्षा केवल नियमों का पालन भर नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक श्रमिक की जिम्मेदारी है। यदि हम कार्यस्थल पर सुरक्षा को अपनी आदत बना लें, तो दुर्घटनाओं को पूरी तरह रोका जा सकता है। मेरा आग्रह है कि प्रत्येक श्रमिक सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग केवल औपचारिकता के रूप में नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी के रूप में करें।”

Comments