Tuesday, June 16, 2026
Newspaper and Magzine


 “Clean India through Smart Waste Management” विषय पर एक पोस्टर प्रस्तुति गतिविधि का आयोजन किया गया।

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at September 26, 2025 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : रसायन विज्ञान विभाग, आई.बी. (पी.जी.) कॉलेज, पानीपत द्वारा “Clean India through Smart Waste Management” विषय पर एक पोस्टर प्रस्तुति गतिविधि का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बी.सी.ए./बी.एससी. द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य छात्रों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में नवीनतम तकनीकों एवं स्मार्ट उपायों के प्रति जागरूक करना था। इस शैक्षणिक गतिविधि का सफल संचालन अन्नू द्वारा समन्वयक के रूप में किया गया। डॉ. वसुंधरा मदान ने सहायक के रूप में आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम में प्रतिभागी विद्यार्थियों ने अपने-अपने पोस्टर के माध्यम से अपशिष्ट प्रबंधन के अभिनव विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने न केवल पोस्टर प्रदर्शित किए, बल्कि उपस्थित दर्शकों को उनके पीछे की अवधारणाओं की विस्तृत जानकारी भी दी। प्राचार्याडॉ. शशि प्रभा ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा, “स्वच्छता केवल एक आदत नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है। ऐसे कार्यक्रम छात्रों में नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करते हैं और उन्हें पर्यावरण के प्रति जागरूक नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।” उन्होंने रसायन विज्ञान विभाग की इस पहल की सराहना की और विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसे प्रयासों के लिए प्रेरित किया। विभागाध्यक्ष डॉ. विक्रम कुमार ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की प्रशंसा करते हुए कहा, “हमारा उद्देश्य शैक्षणिक ज्ञान को सामाजिक मुद्दों से जोड़ना है। विद्यार्थियों ने जिस जागरूकता और कल्पनाशीलता का परिचय दिया है, वह अत्यंत सराहनीय है।”

इस गतिविधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। बी.सी.ए. द्वितीय वर्ष की छात्रा खुशी सैनी ने प्रथम स्थान, मेघा ने द्वितीय स्थान और पगनीत सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों के लिए एक मंच प्रदान करता है, बल्कि रसायन विज्ञान की अवधारणाओं को जनसामान्य तक पहुँचाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास भी है। 

Comments