एआइ से पढ़ेंगे बच्चे. आतंकी हमले को रोकेगा सुरक्षा व्यूह.
-पाइट में स्पर्धा आइडियाथॉन, डीएवी सोनीपत ने जीता प्रथम पुरस्कार
BOL PANIPAT: समालखा – एआइ से आपके बच्चों की प्रतिभा का पता चलेगा। एआइ ही निर्धारित करेगा कि बच्चे को किस क्षेत्र में करिअर बनाना चाहिए। इसी तरह एआइ के माध्यम से देश में आतंकी हमलों को रोका जा सकता है। ये प्रोजेक्ट यहां पानीपत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नॉलोजी (पाइट) में नेशनल स्पर्धा आइडियाथॉन में स्कूली बच्चों ने दिखाए। सौ से अधिक स्कूलों ने इसमें भाग लिया। स्टार्टअप हरियाणा से विशाल शर्मा, इ सॉल्यूशन कंपनी के सीईओ डॉ.गौरव मित्तल ने बच्चों को प्रेरित किया।
पाइट के निदेशक डॉ.शक्ति कुमार ने कहा कि इनोवेशन से ही आर्थिक तरक्की के रास्ते खुलेंगे। अमेरिका और चीन अगर सबसे आगे हैं तो इसकी वजह इनोवेशन है। आने वाला समय भारत का है। भारतीय युवा अपनी प्रतिभा से दुनिया को चकित कर रहे हैं। वाइस चेयरमैन राकेश तायल ने कहा कि बच्चों ने ऐसे प्रोजेक्ट बनाए हैं, जिन्हें देखकर लगता है कि निश्चित ही हमारे स्टार्टअप सफल होंगे। बच्चे सबसे बेहतर रचनात्मक तरीके से सोच सकते हैं। साइबर सिक्योरिटी एवं स्टार्टअप सेल की अध्यक्ष डॉ.शक्ति अरोड़ा ने बताया कि लगातार चौथे साल स्पर्धा आइडियाथॉन किया गया है। देशभर के बच्चों की प्रतिभा को मंच दिया जा रहा है। पाइट के चेयरमैन हरिओम तायल, सचिव सुरेश तायल, बोर्ड सदस्य शुभम तायल, डीन डॉ.बीबी शर्मा, राजीव गुलाटी ने भी बच्चों को पुरस्कृत किया।
एआइ पहचानेगा प्रतिभा
सोनीपत डीएवी मल्टीपर्पस स्कूल की टीम ने पहला इनाम जीता। हिमांक और शुभम ने एआइ आधारित ऐसा प्रोजेक्ट बनाया है, जिससे बच्चे की प्रतिभा का पता चलेगा। इसके बाद उसे अनुरूप शिक्षा दी जाएगी। इसी तरह इसी स्कूल के बच्चों ने आंवले के पौधे में होने वाले रोग के इलाज के तरीके बताए। एआइ से पौधे को ठीक किया जा सकता है। फोटो देखकर ही रोग, कारण और इलाज का पता चल जाएगा।
एआइ से क्लास की मॉनिटरिंग
एआइ से क्लास की मॉनिटरिंग होगी। पाइट स्कूल के बच्चों ने ऐसा प्रोजेक्ट बनाया, जिससे कैमरा ये बता देगा कि बच्चे का क्लास पर कितना फोकस है। अंबाला स्कूल की टीम ने सुरक्षा व्यूह बनाया। किसी जगह अगर गोलीबारी होगी तो सेना और पुलिस तक सूचना पहुंच जाएगी। पहलगाम जैसे आतंकी हमले को नाकाम किया जा सकेगा।

Comments