एकता और आत्मनिर्भरता का संदेश लेकर निकलेगी ‘यूनिटी मार्च’: उपायुक्त डॉक्टर विरेंदर कुमार दहिया
-तैयारियां पूरी, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम: पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह
-गवालड़ा से किवाना तक होगी जिला स्तरीय पदयात्रा
-बड़ी संख्या में होगी यात्रा में युवाओं की भागीदारी
-कैबिनेट मंत्री मनोहर लाल यात्रा को दिखाएंगे हरी झंडी
BOL PANIPAT , 7 नवंबर। उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया ने जानकारी देते हुए बताया कि ‘सरदार @150’ के अवसर पर एकता और राष्ट्र उत्थान का संदेश देने के लिए 8 नवंबर को “यूनिटी मार्च” का आयोजन किया जाएगा। यह जिला स्तरीय पदयात्रा गवालड़ा गांव से किवाना तक निकाली जाएगी। कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत, पानीपत (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) तथा जिला प्रशासन पानीपत के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इस यात्रा में एनसीसी के विद्यार्थियों के अलावा आप पास के ग्राम पंचायतें के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार भी शामिल होगे।
उपायुक्त ने बताया कि इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में केन्द्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल उपस्थित रहेंगे। पद यात्रा का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता, आत्मनिर्भरता और जनभागीदारी की भावना को सशक्त करना है।
उपायुक्त डॉ. विरेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि इस पदयात्रा के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के ‘एक भारत’ के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है। उपायुक्त ने कहा, कि “एकता हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। यह यात्रा युवाओं को प्रेरित करेगी कि वे आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।”
डॉ. दहिया ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा, यातायात और व्यवस्थापन को लेकर सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पदयात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा, “यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल, यातायात नियंत्रण दल और स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। सीसीटीवी निगरानी व ड्रोन कैमरे से भी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।”

Comments