आई.बी.(पी.जी.) कॉलेज में जॉन कीट्स की जयंती पर कविता पाठ एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन
BOL PANIPAT : आई.बी. (पी.जी.) कॉलेज, पानीपत के अंग्रेज़ी विभाग की टैगोर सोसायटी के तत्वावधान में महान रोमांटिक कवि जॉन कीट्स की जयंती के उपलक्ष्य में कविता पाठ और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में साहित्यिक अभिरुचि, सृजनशीलता और अभिव्यक्ति कौशल को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पण से हुई, जिसके माध्यम से कवि जॉन कीट्स को श्रद्धांजलि दी गई। तत्पश्चात कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक व उप प्राचार्य डॉ किरण मदान का विभागाध्यक्षा एवं टैगोर सोसाइटी की संयोजिका डॉ नीलम के द्वारा हार्दिक स्वागत किया गया।
अपने प्रेरणादायक संबोधन में डॉ. शशि प्रभा मलिक ने कहा “जॉन कीट्स की कविताएँ जीवन की नश्वरता, सौंदर्य और कल्पना के अद्भुत संगम का प्रतीक हैं। उनके काव्य से हमें यह सीख मिलती है कि सौंदर्य ही सत्य है और सत्य ही सौंदर्य।” उप प्राचार्य डॉ॰ किरण मदान ने कीट्स की कविताएँ आज भी पाठकों के हृदय में जीवित हैं और उनके विचार आधुनिक जीवन में भी समान रूप से प्रासंगिक हैं।
अंग्रेज़ी विभागाध्यक्षा एवं टैगोर सोसाइटी की संयोजिका डॉ. नीलम दहिया ने अपने भाषण में कहा “जॉन कीट्स केवल एक कवि नहीं, बल्कि एक संवेदनशील आत्मा थे, जिन्होंने जीवन की क्षणभंगुरता में भी शाश्वत सौंदर्य की खोज की। उनकी रचनाएँ हमें यह प्रेरणा देती हैं कि हम भी अपने जीवन में कल्पना, संवेदना और सौंदर्य को स्थान दें। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे साहित्य को केवल पढ़ें नहीं, बल्कि उसे महसूस करें और अपने अनुभवों से जोड़ें।” उन्होंने आगे कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और भाषिक अभिव्यक्ति को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का सफल आयोजन एवं संचालन सहायक प्रोफ़ेसर रेशु और सहायक प्रोफ़ेसर राहुल द्वारा किया गया।प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने “Ode to a Nightingale,” “Ode on a Grecian Urn” और “To Autumn” जैसी प्रसिद्ध कविताओं का भावपूर्ण पाठ किया। भाषण प्रतियोगिता में छात्रों ने कीट्स के जीवन, काव्य-दर्शन और साहित्यिक योगदान पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में टैगोर सोसाइटी के सदस्य छात्र-छात्राओं — संजना, रूपांशी, सुषमा और अभिषेक — ने मंच संचालन एवं आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।
निर्णायक मंडल में डॉ. निधि, डॉ. नेहा और रेखा शर्मा शामिल थीं, जिन्होंने प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया।
प्रतियोगिता के विजेताओं में कविता पाठ प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान क्रमशः कमलजीत, मानवी, और मदीना ने प्राप्त किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान संजना, द्वितीय स्थान साक्षी, तथा तृतीय स्थान रूपांशी को प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रिया के द्वारा प्रस्तुत किया गया। यह आयोजन न केवल महान कवि जॉन कीट्स को श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर था, बल्कि विद्यार्थियों में साहित्य, कविता और सृजनात्मक अभिव्यक्ति के प्रति नई प्रेरणा भी लेकर आया।
इस अवसर पर पुस्तकालय अध्यक्ष डॉ॰ प्रवीण तथा अंग्रेज़ी विभाग के सहायक प्रोफेसर दीप्ति तथा अन्य विभागों के शिक्षकगण भी सम्मिलित हुए, जिन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और कार्यक्रम की सराहना की।

Comments