एसडी पीजी कॉलेज पानीपत बना कुरुक्षेत्र विश्वविधालय जोनल खो-खो (महिला) टूर्नामेंट का चैंपियन
–एकतरफा जोनल मैचों में चौधरी देवी लाल महाविधालय सिवाह एवं राजकीय महाविधालय पानीपत को पछाड़कर मारी बाजी, किया इंटर जोनल टूर्नामेंट में प्रवेश
कॉलेज कर रहा है कुरुक्षेत्र विश्वविधालय तीन दिवसीय जोनल एवं इंटर जोनल खो-खो (महिला) टूर्नामेंट की मेजबानी
BOL PANIPAT : एसडी पीजी कॉलेज पानीपत ने कुरुक्षेत्र विश्वविधालय जोनल खो-खो (महिला) टूर्नामेंट के फाइनल में चौधरी देवी लाल मेमोरियल कॉलेज सिवाह को एकतरफा मुकाबले में पछाड़कर कर जोनल खिताब पर कब्ज़ा कर लिया. नॉक आउट आधार पर आयोजित जोनल मुकाबले के फाइनल में एसडी पीजी कॉलेज की छात्रा खिलाडियों ने शानदार खेल दिखाते हुए मैच को एकतरफा बना दिया और चौधरी देवी लाल मेमोरियल महाविधालय सिवाह को 18-4 के अंतर से हरा कर न सिर्फ जोनल ट्राफी पर कब्ज़ा किया बल्कि इंटर जोनल टूर्नामेंट के लिए भी क्वालीफाई कर लिया. इससे पहले प्रथम मैच चौधरी देवी लाल मेमोरियल महाविधालय सिवाह और भारत कॉलेज रूड़की (यमुनानगर) के बीच खेला गया जिसमे चौधरी देवी लाल मेमोरियल कॉलेज 10-6 से विजयी हुआ. दूसरे मैच में एसडी पीजी कॉलेज ने एकतरफा मुकाबले में राजकीय महाविधालय पानीपत को 20-5 से हरा कर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया. कॉलेज की छात्रा खिलाडियों निकिता, रितु, अन्नू, मनीषा, सोनू, सीमा, शीतल, पूजा, मानसी और प्रीती ने बुद्धिमानी, कौशल और तेज गति के समन्वय से विरोधी खिलाडियों की एक न चलने दी और अपने सारे मैचों में विरोधी टीमों पर दबदबा बनाकर रखा.
टूर्नामेंट का विधिवत उदघाटन एसडी पीजी कॉलेज प्रधान पवन गोयल ने किया. उनके साथ प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा, शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ सुशीला बेनीवाल, प्रो गीता मलिक, कोच शरीफ, ग्राउंड्स मैन प्रताप और अन्य प्राध्यापक मौजूद रहे. प्रधान पवन गोयल ने सभी खिलाडियों से उनका परिचय लेते हुए सभी को खेल भावना के साथ अच्छा खेल खेलने को प्रेरित किया. विदित रहे की तीन दिवसीय जोनल एवं इंटर जोनल (महिला) खो-खो टूर्नामेंट के आयोजन का सौभाग्य एसडी कॉलेज को प्राप्त हुआ है जो 20 से 22 फरवरी तक चलेगा. कल इस खो-खो (महिला) टूर्नामेंट में इंटर जोनल मुकाबले होंगे जिसमे अपने-अपने जोन में चैंपियन बनी टीमें हिस्सा लेंगी. तत्पश्चात 22 फरवरी को मैडल समारोह का आयोजन और उत्कृष्ठ प्रदर्शन के आधार पर आल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी खो-खो (महिला) टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा.
एसडी पीजी कॉलेज प्रधान पवन गोयल ने खो-खो की जोनल चैंपियन बनने पर सभी खिलाडियों को बधाई दी और कहा की बच्चों के जीवन में खेल के बहुत लाभ है. विद्यार्थियों का सही एवं स्वस्थ्य विकास खेलों से ही संभव है. आजकल के युवाओं और बच्चों में मोटापे की समस्या बहुत बढ़ रही है और इससे निपटने के लिए आवश्यक है कि उन्हें किसी न किसी खेल में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाए. हर प्राध्यापक और अभिभावक को चाहिए वह अपने बच्चों को खेल के फायदे समझाए. यदि हम अपने बच्चों को बचपन में खेलने से रोक रहे हैं या बच्चे मोबाइल में ही व्यस्त रहते है तो न सिर्फ उनका बचपन खराब हो रहा है बल्कि उनकी सेहत के साथ भी खिलवाड़ हो रहा है.
प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने सभी छात्रा खिलाडियों को जोनल चैंपियन बनने पर बधाई दी और उन्हें इंटर जोनल में भी बेहतर खेल दिखाने के लिए प्रौत्साहित किया. उन्होनें कहा की युवा जीवन में खेलों में भाग लेने से युवाओं के सामाजिक कौशल का विकास होता है और वे टीम वर्क सीखते है जो गुण भविष्य में बहुत काम आते है. मस्तिष्क के विकास के लिए भी खेल बहुत जरुरी है. शारीरिक विकास के साथ-साथ मन का विकास भी अत्यधिक महत्वपूर्ण है. खेल अच्छी अंग विन्यास के विकास में काफी सहायक सिद्ध होते है. स्वस्थ हृदय, मजबूत श्वसनतंत्र और इम्यूनिटी बढाने के लिए खेल रामबाण साबित होते है. प्रतियोगी भावना भी हमें खेलों से ही मिलती है. खेलों के इतने फायदे है जिन्हें गिनाना भी मुश्किल है. हर युवा को चाहिए की वह कम से कम एक खेल को अपने जीवन में जरुर अपनाए.
डॉ सुशीला बेनीवाल शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष ने कहा की खो-खो एक भारतीय मैदानी खेल है. इस खेल में मैदान के दोनो ओर दो खम्भो के अतिरिक्त किसी अन्य साधन की जरूरत नहीं पड़ती है. यह एक अनूठा स्वदेशी खेल है जो युवाओं में ओज और स्वस्थ संघर्षशील जोश भरता है. यह खेल पीछा करने वाले और प्रतिरक्षक दोनों में अत्यधिक तंदुरुस्ती, कौशल, गति और ऊर्जा की माँग करता है. कॉलेज की छात्रा खिलाडियों इन्ही सब गुणों के माध्यम से यह जीत हासिल की है.
इस अवसर पर स्टाफ सदस्यों में डॉ सुशीला बेनीवाल, प्रो गीता मलिक, कोच शरीफ, ग्राउंड्समैन प्रताप आदि मौजूद रहे.

Comments