Friday, May 1, 2026
Newspaper and Magzine


डॉ.एम.के.के. आर्य मॉडल स्कूल में आस्था की पंखुड़ियाँ के भावप्रवण विषय पर भव्य वार्षिकोत्सव का आयोजन l

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at November 22, 2025 Tags: , , ,

BOL PANIPAT : 22 नवम्बर 2025 को डॉ॰ एम॰ के॰ के॰ स्कूल पानीपत के तत्वाधान में विद्यालय का वार्षिकोत्सव बड़ी उमंग व धूम-धाम से मनाया गया। इस कार्यक्रम के मुख्यातिथि हरविंदर कल्याण, स्पीकर, हरियाणा विधानसभा तथा प्रमोद विज, विधायक मुख्य अतिथि के रूप रहे। विद्यालय के प्रबन्धक कमेटी के प्रधान संजीव कपूर, उपप्रधान रितु कपूर तथा ज्योति कपूर, अतिथि गुरदीप सिंह ,विद्यालय के प्रधानाचार्य मधुप परासर, विद्यालय की शैक्षिक सलाहकार मंजू सेतिया, भाषा व गतिविधि प्रभारी मीरा मारवाह, वित्तीय नियंत्रक जसबीर कुमार, प्रशासनिक अधिकारी दीपक गिरधर, अभिभावकगण, अध्यापक एवं विदयार्थी उपस्थित रहे ।
आदरणीय मुख्य अतिथि हरविंदर कल्याण तथा प्रमोद विज के पदार्पण करते ही विद्यालय के मुख्य द्वार पर पुष्पगुच्छ के साथ उनका स्वागत किया। विद्यालय के बैंड की मधुर ध्वनि ने स्वागत की इस औपचारिकता को गरिमापूर्ण बना दिया।सर्वप्रथम उन्होंने डॉ. महाराज कृष्ण कपूर के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए उनकी प्रतिमा पर पुष्पार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। तत्पश्चात मुख्य अतिथि ने विभिन्न विषयों पर विद्यार्थियों द्वारा बनाई गयी कलात्मक तथा ज्ञानपूर्ण सामग्री से संबन्धित प्रदर्शनी का गहन अवलोकन करते हुए यहाँ प्रदर्शित सामग्री का सूक्ष्म निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों के परिश्रम को सराहा। इस प्रदर्शनी में विज्ञान, कला, हिंदी,अंग्रेजी , संस्कृत गणित, वाणिज्य, सामाजिक विज्ञान, तथा कम्प्यूटर आदि सभी विषयों से संबन्धित हस्तनिर्मित सामग्री, विद्यार्थियों की नवीनतम सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण तथा नैसर्गिक प्रतिभा का परिचय दे रही थी।

सभी अतिथि विद्यालय प्रांगण की ओर बढ़े जहाँ विद्यार्थियों द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया मुख्यातिथियों के कर कमलों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत गाकर अतिथियों का अभिवादन किया गयाl विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों तथा अभिभावकों का विद्यालय में हार्दिक स्वागत किया तथा अभिभावकों से विशेष अपील की कि अपने बच्चों को भावनात्मक संबल प्रदान करने के लिए अपना कुछ कीमती समय उन्हें अवश्य दें | उन्होंने अतिथिगण तथा विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का आयोजन तथा ऐसे सभी आयोजनों का उद्देश्य नई पीढ़ी को समाज तथा राष्ट्र से जोड़ते हुए उन्हें ज्ञान के नए क्षितिज की खोज के लिए तैयार करना है। उन्होंने विद्यालय की वर्षभर की गतिविधियों और उपलब्धियों से संबन्धित रिपोर्ट प्रस्तुत की। विद्यालय की विशेष उपलब्धि में इस वर्ष दसवीं की छवि ने 99% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान और स्वस्ति ने द्वितीय व निरुल ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय की गरिमा बढ़ा दी साथ ही साथ 12वीं कक्षा के निखिल ने 98.2 प्रतिशत अंक लेकर में प्रथम स्थान , सहज ने द्वितीय, नकुल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया तथा कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों ने गणित और आईटी में 100 अंक प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित कर दिया।

कार्यक्रम में मुख्यातिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और मानवीय संवेदनाओं का विकास करते हैं। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों की सराहना की और कहा कि इस कार्यक्रम से यह संदेश मिलता है कि विश्वास के पाँच स्तंभ, है जो हमें हर परिस्थिति में मजबूत और प्रेरित रखते हैं। इन चार स्तंभों में आस्था, आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प और धैर्य शामिल हैं।आस्था हमें ईश्वर और अपने उद्देश्य पर अटल रहने की शक्ति देती है।आत्मविश्वास हमें यह विश्वास दिलाता है कि हम हर चुनौती का सामना कर सकते हैं।दृढ़ संकल्प हमें कठिनाई में भी लक्ष्य की ओर निरंतर बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने इस प्रकार के कार्यक्रम हेतु विद्यालय का धन्यवाद प्रकट किया ।

वार्षिक पारितोषिक वितरण के अंतर्गत संजीव कपूर, रितु कपूर तथा ज्योति कपूर द्वारा मेधावी छात्रों, क्रीडा प्रतियोगिताओ में विजयी छात्रों तथा अन्य प्रतियोगिताओं में विशिष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार दिये साथ ही प्रधानाचार्य श्री मधुप परासर व शैक्षिक सलाहकार, मंजू सेतिया ने, श्रेष्ठनृत्यांगना ,चित्रकार , श्रेष्ठ कलाकार, श्रेष्ठ वक्ता, गायक,अभिनेता , श्रेष्ठ खिलाडी को पुरस्कृत किया गया l
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि का परिचय देते हुए कहा कि प्रमोद विज और हरविंदर कल्याण की कार्यकुशलता, कर्तव्यपरायणता, समाज सेवा और सामाजिक प्रतिष्ठा किसी परिचय की मोहताज नहीं है। मुख्यअतिथियों ने अपने संदेश में विद्यालय की उपलब्धियों की प्रशंसा की तथा शिक्षा के क्षेत्र में होने वाले विभिन्न परिवर्तनों से अभिभावकों को अवगत कराया।

मुख्य अतिथि हरविंदर कल्याण ने अपने सम्बोधन में अभिभावकों को बड़े उत्साह से कहा कि डॉ. एम के के आर्य मॉडल स्कूल का राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान लगातार जारी रहे। व्यक्ति निर्माण के बिना राष्ट्र निर्माण असंभव है। बच्चों में संस्कार डालते हुए प्राचीन संस्कृति से जोड़कर रख्रते हुए एवं उन्हें भविष्य की चुनौतिओं से लड़ते हुए आगे बढ़ने के लिए तैयार करना अति प्रशंसनीय है। उन्होने बच्चों के उज्जल भविष्य की कामना करते हुए अपनी ओर से शुभकामनायें व्यक्त की।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के आरंभ में विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा अंग्रेजी नाटिका की उत्कृष्ट प्रस्तुति दी गई l रंगारंग कार्यक्रम नृत्य के बिना अधूरा प्रतीत होता है I नृत्य बच्चों में नई धारणाओं को जागृत करता है जो उन्हें नए तरीके से सीखने और सोचने में मदद करता है I इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर नृत्य और संगीत का भव्य और आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया I नृत्य की यह अनूठी प्रस्तुति दर्शकों को भावनाओं के पंखों पर बिठाकर आनंद रस में निमग्न कर गई ।विद्यार्थियों की भावपूर्ण प्रस्तुति ने दर्शकों को अभिभूत कर दिया।

इस प्रकार वार्षिकोत्सव का यह भव्य प्रेमोत्सव स्मरणीय बनकर सभी के हृदयों में सदैव अंकित रहेगा।

Comments