बुजुर्ग के हाथ से दुल्हन के शगुन का बैग स्नैचिंग करने वाले और दो नाबालिग आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 19 दिसंबर : थाना शहर पुलिस ने एसडी मॉडर्न स्कूल के पास बुजुर्ग के हाथ से दुल्हन के शगुन का बैग स्नेचिंग करने मामले में फरार और दो नाबालिग आरोपियों को वीरवार को तहसील कैंप से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों नाबालिग आरोपियों ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने नाबालिग साथी आरोपी के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा।
थाना शहर प्रभारी इंस्पेक्टर मुकेश ने बताया कि 21 नवंबर की शाम को उक्त वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के निर्देशानुसार थाना शहर पुलिस के साथ ही सीआईए की तीनों टीम घटना स्थल पर पहुंची थी। थाना शहर में सेक्टर 12 निवासी ज्ञान प्रकाश की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे। पुलिस ने आसपास क्षेत्र में सीसीटीवी फुटेज चेक करने के साथ ही अपने सभी सोर्स एक्टिव कर आरोपियों की धरपकड़ में दिल्ली व अन्य स्थानों पर दबिश दी गई। 9 दिसंबर को एक नाबालिग आरोपी ने माननीय न्यायालय में सरेंडर कर दिया। पुलिस ने मामले में नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में नाबालिग आरोपी ने फरार अपने दो अन्य नाबालिग साथी आरोपियों के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा था।
नाबालिग आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया था उसके खिलाफ पहले एटीएम चोरी के प्रयास का एक मामला थाना किला में व बाइक चोरी का एक मामला करनाल के घरौंडा थाना में दर्ज है। मामलों में बाल सुधार गृह से बेल पर आया हुआ है।
बुजुर्ग के माथे पर तिलक व हाथ की अंगुलियों में अंगूठी देख आइडिया आया बैग में कीमती सामना होगा
प्रभारी इंस्पेक्टर मुकेश ने बताया कि नाबालिग आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया था 21 नवंबर की शाम वह और उसके दोनों नाबालिग साथी एसडी माडर्न स्कूल के पास उसकी बाइक खड़ी कर खड़े थे। उन्हें तभी सामने दो बुजुर्ग पैदल जाते दिखाई दिए। दोनों ने माथे पर तिलक व हाथ की अंगुलियों में अगूठी पहनी हुई थी। एक बुजुर्ग में हाथ में बैग लिया हुआ था। सब देख उन्हे आभास हो हुआ बुजुर्ग किसी कार्यक्रम से आए है और बैग में पैसे व कीमती सामान होगा।
नशे की लत पूरी करने लिए वारदात को अंजाम दियानाबालिग आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया था वह और फरार उसके दोनों नाबालिग साथी आरोपी नशा करने के आदी है। नशे की लत पूरी करने लिए तीनों ने साजिश रची और बाइक पर सवार होकर पीछे से झपट्टा मारकर बुजुर्ग के हाथ से बैग छीनकर फरार हो गए थे। बैग में 67 हजार रूपए कैश, सोने का एक गले का सेट, दो कड़े, एक टीका व चांदी की एक जोड़ी पाजेब व एक जोड़ी चुटकी मिली थी।
पूछताछ में नाबालिग आरोपी ने पुलिस को बताया था 67 हजार रूपए कैश घूमने फिरने, खाने पीने और नशा करने में खर्च करने के बाद जैवरात एक युवक को 2 लाख 20 हजार रूपए में बेचकर पैसे बाट लिए थे। नाबालिग आरोपी ने पूछताछ में बताया था उसने हिस्से में आए पैसे खर्च कर दिए। वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद कर पुलिस ने नाबालिग आरोपी को जुवेनाइल कोर्ट में पेश कर जहा से उसे बाल सुधार गृह मधुबन भेजने के बाद फरार दोनों नाबालिग आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।
प्रभारी इंस्पेक्टर मुकेश ने बताया कि थाना शहर पुलिस ने फरार दोनों नाबालिग आरोपियों को वीरवार को तहसील कैंप से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों नाबालिग आरोपियों ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने नाबालिग साथी आरोपी के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। नाबालिग आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया जेवरात बेचकर हासिल की नकदी में से उन दोनों के हिस्से में 25-25 हजार रुपए आए थे, जो ज्यादातर पैसे नशा करने और खाने पीने में खर्च कर दिए। पुलिस ने नाबालिग आरोपियों के कब्जे से बचे 1330 रुपए बरामद कर पूछताछ के बाद दोनों नाबालिग आरोपियों को जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया जहा से एक नाबालिग आरोपी को मधुबन व दूसरे नाबालिग आरोपी को अंबाला बाल सुधार गृह भेज दिया।
यह है मामला
थाना शहर में सेक्टर 12 निवासी ज्ञान प्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था बेटा सुशील वर्मा परिवार के साथ हलवाई हट्टा में रहता है। 21 नवंबर को वह अपनी पोती मनीषा (सुशील की बेटी) का दिल्ली में रिश्ता कर देर शाम को पानीपत लौटे थे। सायं करीब 7:30 बजे एसडी मार्डन सीनियर सैकेंडरी स्कूल के गेट के पास ट्रैवलर बस से नीचे उतरकर पैदल घर जा रहे थे। कुछ दूरी पर चल तभी पीछे से एक बाइक पर सवार होकर आए तीन युवक झपटटा मारकर उसके हाथ से दोनों बैग छीनकर ले गए। बैग में 67 हजार रूपए कैश व लड़के पक्ष की और से दिए जैवर सोने का एक गले का सेट, दो कड़े, एक टीका व चांदी की एक जोड़ी पाजेब व एक जोड़ी चुटकी थी। थाना शहर में ज्ञान प्रकाश की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

Comments