Thursday, April 30, 2026
Newspaper and Magzine


जनता समाधान शिविर में प्रशासन सख्त, हर शिकायत का होगा समयबद्ध निपटारा: निगम संयुक्त आयुक्त डॉक्टर संजय

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at December 22, 2025 Tags: , , , ,

-जनता समाधान शिविर में अधिकारियों ने दोहराई जवाबदेही की प्रतिबद्धता. शिकायतों पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं.

BOL PANIPAT , 22 दिसंबर। हरियाणा सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम जनता समाधान शिविर के अंतर्गत सोमवार को जन शिकायतों की सुनवाई की गई। उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया के स्पष्ट निर्देशों के तहत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने जनता की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।

    इस अवसर पर नगर निगम के संयुक्त आयुक्त डॉ. संजय ने कहा कि जनता द्वारा दर्ज की गई प्रत्येक शिकायत प्रशासन के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी नागरिक की समस्या को हल्के में नहीं लिया जाएगा। हर शिकायत की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। डॉ संजय ने कहा कि जनता समाधान शिविर प्रशासन और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है, जिससे समस्याओं का स्थायी समाधान संभव हो पा रहा है।

  डीएसपी राजबीर ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस विभाग से जुड़ी सभी शिकायतों को पूरी गंभीरता से लिया जा रहा है। प्रत्येक मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। जनता का भरोसा बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

    डीडीपीओ राजेश शर्मा ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि विभाग शुरू से ही जन समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर रहा है। अधिकारियों को चाहिए कि वे समस्याओं को समझें और पूरी संवेदनशीलता व तत्परता के साथ समाधान सुनिश्चित करें। जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यही हमारा उद्देश्य है।

    उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निपटारे में समन्वय और पारदर्शिता बनाए रखें। जनता समाधान शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया और प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासनों पर संतोष व्यक्त किया। अधिकारियों ने दोहराया कि जनता की समस्याओं का समाधान ही शासन की असली सफलता है।

  सोमवार को समाधान शिवम में विभिन्न विभागों से जुड़ी 28 शिकायत प्राप्त हुई जिन पर निगम संयुक्त आयुक्त डॉ संजय ने समाधान के निर्देश दिए। शिकायत कर्ता यशपाल ने जिला सचिवालय के परिसर में सट्टटा लगा कर खेलने वाले पर कार्यवाही करने की अपील की। उनका आरोप था कि वे सरकारी प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाने का कार्य करते हैं। प्रार्थी भूलन सिंह ने प्रशासन से अपने पोते नमन जो दिव्यांग है के लिए इलेक्ट्रिक रिक्शा उपलब्ध करवाने का अनुरोध किया। प्रार्थी नफीसा ने प्रशासन से  नया राशन कार्ड शुरू करवाने के लिए अनुरोध किया।

  प्रार्थी कुलदीप वासी धर्मगढ़ ने बिजली के तार भिडऩे से उनकी 800 एकड़ की पराली जलकर नष्ट हो गई। उन्होंने विभाग को इसके लिए लापरवाह बताया। उन्होंने मुआवजा देने की मांग प्रशासन से की।  इस मौके पर आईटीआई प्राचार्य डॉ कृष्ण, एलडीएम राजकुमार, डिप्टी सीएमओ दिव्या साहनी, डॉ दीप सिखा, जिला बाल कल्याण अधिकारी रितु राठी, सहायक कृषि अभियंता सुधीर, डीपीओ परमिंदर, एसडीओ सूबे सिंह आदि मौजूद रहे।

Comments