आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जी.टी. रोड, पानीपत के एनएसएस कैंप में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
BOL PANIPAT : 11 जनवरी–आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जी.टी. रोड, पानीपत में आयोजित एनएसएस कैंप के अंतर्गत रविवार को अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आग से बचाव एवं आपातकालीन स्थिति में सही प्रतिक्रिया के बारे में जागरूक करना था।
इस अवसर पर फायर विभाग की ओर से अमित गोस्वामी द्वारा विद्यार्थियों को फायर ट्रायंगल (ऊष्मा, ईंधन एवं ऑक्सीजन) के बारे में जानकारी दी गई तथा आग बुझाने की विभिन्न विधियों की व्याख्या की गई। साथ ही अग्निशामक यंत्रों के सही उपयोग की विधि का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय संयम से कार्य करने, सुरक्षित निकासी मार्ग अपनाने तथा प्राथमिक अग्निशमन तकनीकों की जानकारी दी गई। एनएसएस स्वयंसेवकों एवं विद्यालय स्टाफ ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रवीण आर्य ने फायर विभाग की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं।

Comments