Tuesday, June 2, 2026
Newspaper and Magzine


विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई.

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at February 10, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : आई. बी. महाविद्यालय , पानीपत  में “सेफर इंटरनेट डे” के अवसर पर ऑनलाइन सुरक्षा, साइबर हाइजीन तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सेफर इंटरनेट डे प्रत्येक वर्ष फरवरी माह के दूसरे मंगलवार को विश्वभर में मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य विशेष रूप से बच्चों, महिलाओं एवं युवाओं के बीच इंटरनेट के सुरक्षित, संरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देना है। इस वर्ष का थीम “Smart Tech, Safe Choices – Exploring the Safe and Responsible Use of AI” रखा गया है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों को बढ़ते साइबर खतरों के प्रति जागरूक करना तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम में विशेष रूप से बीसीए (BCA) के लगभग 100 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की। सत्र के दौरान साइबर फ्रॉड, फिशिंग अटैक, सुरक्षित पासवर्ड निर्माण, सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग, डिजिटल प्राइवेसी, तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के नैतिक उपयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कॉलेज की प्राचार्य डॉ. शशि प्रभा मलिक ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा प्रत्येक व्यक्ति के लिए अत्यंत आवश्यक हो गई है। उन्होंने विद्यार्थियों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का विवेकपूर्ण और जिम्मेदार उपयोग करने की प्रेरणा दी तथा डिजिटल साक्षरता को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल नागरिक बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के संयोजक अश्वनी गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि इंटरनेट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते उपयोग के साथ-साथ साइबर अपराधों का खतरा भी बढ़ रहा है, इसलिए आवश्यक है कि विद्यार्थी साइबर हाइजीन के नियमों का पालन करें और डिजिटल सुरक्षा को अपनी आदत बनाएं। उन्होंने छात्रों को मजबूत पासवर्ड, दो-स्तरीय सुरक्षा (Two-Factor Authentication) और संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों से सावधान रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। सभी प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को अत्यंत ज्ञानवर्धक और उपयोगी बताया।इस अवसर पर प्रो विनय भारती,  टिंकू ,  अमित कुमार एवं गणेश उपस्थित रहे।

Comments