Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


एसडी पीजी कॉलेज पानीपत में छात्राओं के लिए ‘ब्यूटी एंड वेलनेस विभाग’ द्वारा मेहँदी कला कार्यशाला का आयोजन.

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at September 21, 2024 Tags: , , , ,

छात्राओं ने लिए मेहँदी लगाने और विविध डिजाइन बनाने के टिप्स    

आत्मनिर्भर अभियान के तहत छात्राओं को अपने पैरों पर खड़ा करना है इस कार्यशाला का मकसद: ज्योति, मेहँदी प्रशिक्षिका

BOL PANIPAT , 21 सितम्बर.   

    एसडी पीजी कॉलेज पानीपत में छात्राओं के लिए स्थापित ‘ब्यूटी एंड वेलनेस विभाग’ के अंतर्गत मेहँदी कला कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसमे कॉलेज के सभी संकायों से 50 छात्राओं ने हिस्सा लेकर मेहँदी लगाने का प्रशिक्षण लिया । कार्यशाला में मेहँदी लगाने में पारंगत प्रशिक्षिका ज्योति ने शिरकत की और मेहँदी लगाने के तरीकों और विविध डिजाइनों के बारे में छात्राओं को प्रशिक्षित किया । कार्यशाला की विधिवत शुरुआत प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा और इस कोर्स की समन्वयक डॉ मोनिका खुराना ने की । विदित रहे कि इस कोर्स को सुचारू रूप से चलाने के लिए एवं आत्मनिर्भर मिशन के अंतर्गत ‘अर्न वाइल यू लर्न’ के तहत छात्राओं के लिए ‘द आर्ट ऑफ़ ग्रूमिंग: द ग्रूम रूम’ भी कॉलेज में स्थापित किया गया था । इस कोर्स की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि कोर्स के लिए किसी भी छात्रा से कोई भी फीस या शुल्क नहीं लिया जाता है । और तो और ब्यूटी सेंटर में प्रयोग होने वाली सभी वस्तुओं और साजो-सामान की लागत भी कॉलेज ही वहन करता है । कोर्स को शुरू करने का उद्देश्य छात्राओं, विशेष रूप से उन छात्राओं को जिनके परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें खुद के व्यवसाय या ब्यूटी सेंटर खोलने को प्रेरित करना है । वर्तमान में ब्यूटिशियन, ब्यूटी सेंटर कोर्स और मेहँदी लगाना सिखने के बाद अपार संभावनाएं है । पढ़ाई के साथ यदि छात्राओं के स्किल का भी विकास हो जाए तो भविष्य में ये छात्राएं न सिर्फ खुद रोजगार पाएंगी बल्कि दूसरों को भी रोजगार देने योग्य बन जायेंगी । इससे न सिर्फ उनका आत्मविश्वास और सम्मान बढेगा बल्कि वे जीवन में खुद को एक सफल उद्यमी या व्यवसायी के रूप में स्थापित कर पाएंगी ।  

ज्योति प्रशिक्षिका ने कहा कि महिलाएं हर खास मौके पर मेहंदी लगाना पसंद करती हैं । परन्तु कुछ महिलाओं को शिकायत रहती हैं कि उनकी मेहंदी का रंग गाढ़ा नहीं चढ़ता है । अब मेहंदी का गाढ़ा रंग महिलाओं के लिए इसलिए भी अहमियत रखता है क्योंकि ऐसी मान्यता है कि गाढ़ी रची मेहंदी पिया के प्यार का सबूत है । मेहंदी के बिना महिलाओं का श्रृंगार अधूरा होता है । ऐसे कुछ बेहतरीन टिप्स भी है जिनकी मदद से हम अपनी मेहंदी के रंग को गाढ़ा कर सकते हैं । चीनी के घोल से मेहंदी गाढ़ी हो जाती है । इसमें नींबू मिलाकर लगाने से मेहंदी चटक उतरती है । हमें रुई की मदद से नींबू-चीनी के घोल को मेहंदी पर लगाना चाहिए और सूखने तक इसे छोड़ देना चाहिए । जब मेहंदी पूरी तरह से छूट जाए तो इस मिश्रण को हाथ पर दोबारा लगाएं । मेहँदी को कम से कम 5 घंटे तक हाथ पर लगे रहने देना चाहिए । उन्होनें विविध डिजाइंस भी छात्राओं को बनाकर सिखाये ।

प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने कहा कि ‘ब्यूटी एंड वेलनेस कोर्स’ की विधिवत शुरुआत कॉलेज इतिहास में छात्राओं के लिए एक मील का पत्थर साबित हुई है । इस कोर्स को शुरू करने का उद्देश्य छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाना है और उन्हें खुद कमाई करने के लिए प्रौत्साहित करना है । छात्राओं को भी चाहिए कि वे अपनी छुपी हुई प्रतिभा और हुनर के अनुरूप स्टार्ट अप इंडिया जैसी स्कीमों के माध्यम से इसे एक व्यवसाय के रूप में पढ़े और सीखे । छात्राओं को दूसरों पर निर्भर न रहकर आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनना चाहिए ।

डॉ मोनिका खुराना ने कहा कि ब्यूटी सेंटर का कोर्स एवं मेहँदी लगाने की कला सिखने के बाद छात्राएं अपना फ्री लांस ब्यूटी सेंटर खोल सकती है । इसके अलावा ब्यूटी सेंटर के काम को सीखने के बाद घर पर भी ब्यूटीशियन का काम किया जा सकता है । ब्यूटीशियन का कोर्स पूरा होने के बाद छात्राएं मनोरंजन, फिल्म या मॉडलिंग के क्षेत्र में भी आगे बढ़ सकती हैं और आगे चलकर एक अच्छा मेकअप आर्टिस्ट भी बन सकती है । छात्राओं के लिए ब्यूटी का सेक्टर बहुत ज्यादा अवसर प्रदान करता है । आज के समय में युवाओं के लिए फैशन से बढकर कोई चीज नहीं है और इसीलिए इस सेक्टर में बहुत मांग है । जीवन में कभी न कभी हर व्यक्ति अपने आप को सुंदर दिखाने के लिए मेकअप का सहारा जरुर लेता हैं । ब्यूटीशियन फेस मसाज, हेयर कट, वेक्सिंग, मेहँदी लगाने जैसे काम करते हैं । आइब्रो बनवाना और शादी में दुल्हन-दूल्हे को सजाना भी ब्यूटीशियन का ही काम होता है । एक ब्यूटीशियन लोगों को उनके चेहरे के मुताबिक मेकअप करके खूबसूरत बना देता है । इस कोर्स की वर्तमान में भारी मांग है ।

Comments