Saturday, April 25, 2026
Newspaper and Magzine


“अबकी बार 10000 पार” के संकल्प के साथ जाटल में कार्यक्रम

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at March 25, 2026 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT : 25 मार्च– सरकारी विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने के उद्देश्य से आज पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जाटल में सी.आर.सी. स्तर पर एक प्रभावशाली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने की। इस अवसर पर सी.आर.सी. स्तर के सभी विद्यालयों के प्राचार्य, स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) के प्रधान एवं सदस्य तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में राकेश बूरा ने सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों के नामांकन में वृद्धि को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी शिक्षकों एवं समुदाय के सदस्यों से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने विगत वर्ष सरकारी विद्यालयों की उत्कृष्ट उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सरकारी स्कूल निरंतर नई ऊँचाइयाँ छू रहे हैं।
उन्होंने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे लाडो लक्ष्मी योजना, सुपर-100, बुनियाद कार्यक्रम तथा कक्षा 1 से 8 तक मिड-डे मील व्यवस्था के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों को इनका अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
राकेश बूरा ने नामांकन बढ़ाने के लिए “घर-घर संपर्क अभियान” को अत्यंत आवश्यक बताते हुए “अबकी बार 10000 पार” का लक्ष्य निर्धारित किया और “जय शिक्षा, जय शिक्षक, जय शिक्षार्थी” का प्रेरणादायक नारा दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्या कुसुम बंसल ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का विधिवत समापन किया।
इस अवसर पर जाटल गाँव के सरपंच हरपाल कादयान, SMC प्रधान रजनी, कुलदीप, अलका लांबा, अनीता बठला, मोहनलाल, राकेश कुमार, विकास सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Comments