Thursday, June 4, 2026
Newspaper and Magzine


आर्य कॉलेज के ‘कलाकारों’ ने जीता देश का दिल, वन एक्ट प्ले में बने ‘नेशनल चैंपियन’

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at April 3, 2026 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT | शुक्रवार, 3 अप्रैल 2026, आर्य कॉलेज ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। चेन्नई की सत्यभामा इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी में आयोजित ‘ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी यूथ फेस्टिवल’ में उपजे विवाद के पटाक्षेप के बाद, आज आधिकारिक तौर पर आर्य कॉलेज (कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय) को ‘वन एक्ट प्ले’ विधा में प्रथम पुरस्कार का विजेता घोषित कर दिया गया है।

इस महाकुंभ में देशभर की 142 यूनिवर्सिटीज ने हिस्सा लिया था, जिसमें कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच आर्य कॉलेज के विद्यार्थियों ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।

न्याय की जीत: कोर्ट और ज्यूरी का फैसला

गत माह संपन्न हुए इस उत्सव में थियेटर विधा के अंतर्गत ‘वन एक्ट प्ले’ के परिणामों को लेकर तकनीकी व्यवधान और विवाद की स्थिति बन गई थी। मामला कोर्ट और विशेषज्ञों की ज्यूरी के समक्ष विचाराधीन था। आज ज्यूरी ने अपना अंतिम फैसला सुनाते हुए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय (आर्य कॉलेज की टीम) को देश में सर्वश्रेष्ठ घोषित किया। इस जीत के साथ ही कॉलेज के नाम अब नृत्य और थियेटर, दोनों प्रमुख विधाओं में राष्ट्रीय स्वर्ण पदक हो गए हैं।

कॉलेज प्रबंधक समिति के महासचिव सीए कमल किशोर ने पूरे आर्य कॉलेज परिवार को बधाई देते हुए कहा कि आर्य कॉलेज प्रबंधन समिति के लिए यह अत्यंत हर्ष का विषय है। हमारे विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पटल पर कॉलेज का नाम स्वर्णाक्षरों में लिख दिया है। हम भविष्य में भी अपनी कला प्रतिभाओं को इसी प्रकार हर संभव सहयोग प्रदान करते रहेंगे।”

प्राचार्य प्रो. डॉ. जगदीश गुप्ता ने कहा यह केवल एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि हमारे विद्यार्थियों के अटूट संघर्ष और सत्य की जीत है। 142 विश्वविद्यालयों के बीच प्रथम आना यह दर्शाता है कि आर्य कॉलेज के संस्कारों और कला की जड़ें कितनी गहरी हैं। मुझे अपने विद्यार्थियों पर गर्व है जिन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का परचम पूरे भारत में लहराया है। अंत में उन्होंने कहा कि इस जीत की खबर मिलते ही कॉलेज परिसर में जश्न का माहौल है। यह जीत हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत और युवा शक्ति के सामर्थ्य का प्रतीक बन गई है।

कॉलेज के सांस्कृतिक गतिविधियों के निदेशक डॉ. रामनिवास ने बताया कि वन एक्ट प्ले की प्रस्तुति भावुक और तकनीकी रूप से बेजोड़ थी। हालांकि निर्णय में देरी हुई, लेकिन अंततः न्याय कला के पक्ष में रहा। हमारे विद्यार्थियों ने साबित कर दिया कि वे न केवल अच्छे कलाकार हैं, बल्कि उनमें धैर्य और अनुशासन भी कूट-कूट कर भरा है। उन्होंने बताया कि अब कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय ‘वन एक्ट प्ले’ में प्रथम स्थान और ‘ऑवर ऑल रनर अप’ बन गया है। उन्होंने यह भी बताया कि इस महोत्सव में भारत वर्ष की 142 यूनिवर्सिटीज ने भाग लिया था। वन एक्ट प्ले की विधा के मुख्य राउंड में 25 सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों के बीच मुकाबला जिसमें आर्य कॉलेज रंगकर्मियों ने अपनी प्रतिभा का लौहा मनवाते हुए इस विधा में कुरूक्षेत्र विश्वविद्याल को प्रथम स्थान दिलाया।

इस अवसर पर डॉ. विजय सिंह, डॉ. नीलु खालसा, प्राध्यापक अकरम खान, प्राध्यापिका दीक्षा नंदा समेत अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

Comments