Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


हनुमान जयंती पर शिक्षा का बिगुल: ‘शिक्षा रथ’ के साथ निकला नामांकन अभियान, 10,000 नए एडमिशन का लक्ष्य।

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at April 3, 2026 Tags: , , , , ,

झांकियों के साथ शिक्षा विभाग की अनोखी पहल, एनसीसी-एनएसएस विद्यार्थियों व शिक्षकों ने संभाली कमान।

BOL PANIPAT , 3 अप्रैल। धार्मिक आस्था और शिक्षा जागरूकता का अनूठा संगम उस समय देखने को मिला जब गत दिवस हनुमान जयंती के पावन अवसर पर पानीपत में भव्य शोभायात्रा के साथ-साथ जिला शिक्षा विभाग का ‘शिक्षा रथ’ भी आकर्षण का केंद्र बना।

जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा के नेतृत्व में निकले इस शिक्षा रथ ने पूरे शहर में शिक्षा का संदेश गूंजा दिया। रथ की अगुवाई जिला समन्वयक संदीप रत्तेवाल ने की, जिन्होंने झांकियों के साथ कदम से कदम मिलाकर सरकारी स्कूलों में अधिक से अधिक नामांकन करवाने का आह्वान किया। इस दौरान शिक्षा रथ रंग-बिरंगी हनुमान जयंती की झांकियों के साथ चलता रहा, जिसमें भक्ति और शिक्षा का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। जगह-जगह लोगों ने रथ का स्वागत किया और शिक्षा के इस अभियान को सराहा।

बड़ा लक्ष्य – 10,000 नए एडमिशन

जिला शिक्षा विभाग ने इस अवसर पर स्पष्ट संदेश दिया कि इस बार मिशन मोड में कार्य करते हुए पानीपत के सरकारी विद्यालयों में 10,000 नए दाखिले सुनिश्चित किए जाएंगे। अधिकारियों और शिक्षकों ने अभिभावकों से अपील की कि वे सरकारी स्कूलों की बेहतर सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ उठाएं।

शिक्षकों और विद्यार्थियों की शानदार भागीदारी

इस भव्य रैली में विभिन्न स्कूलों के अध्यापकों के साथ-साथ एनसीसी और एनएसएस के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने हाथों में बैनर लेकर शिक्षा के महत्व को जन-जन तक पहुंचाया। इस मौके पर मीना कुमारी, नरेश कुमारी, संदीप कुमार, अनिल कुमार, रोशन लाल, पूजा, रेखा छिक्कारा, वर्षा कुमारी, मुकेश कुमार, जितेंद्र सहित अनेक शिक्षकों ने बढ़-चढक़र अपनी भागीदारी निभाई और अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका अदा की।

जन-जन तक पहुंचा संदेश

पूरे आयोजन ने यह साबित कर दिया कि जब शिक्षा और समाज एक साथ कदम बढ़ाते हैं, तो बदलाव निश्चित होता है। गत दिवस हनुमान जयंती के इस पावन अवसर पर शिक्षा रथ ने न केवल धार्मिक उत्साह को बढ़ाया, बल्कि शिक्षा के महत्व को भी हर घर तक पहुंचाने का कार्य किया।

Comments


Leave a Reply