रेड रिबन क्लब द्वारा HIV/AIDS जागरूकता कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
BOL PANIPAT : आई बी महाविद्यालय की रेड रिबन क्लब द्वारा विश्व स्वास्थ्य दिवस (07.04.2026 – 14.04.2026) के अवसर पर 11 अप्रैल 2026 को HIV/AIDS जागरूकता कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम युवाओं में स्वास्थ्य जागरूकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को प्रोत्साहित करने के ध्येय से आयोजित हुआ। रेड रिबन क्लब संयोजक डॉ. विक्रम कुमार के संचालन में संपन्न इस कार्यक्रम में पानीपत जिला नोडल अधिकारी (HIV/AIDS) एवं हरियाणा राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी, पंचकूला के मार्गदर्शन का लाभ उठाया गया। कार्यक्रम में दोपहर 12:00 से 01:00 बजे तक HIV/AIDS जागरूकता पर आधारित वृत्तचित्र फिल्म का प्रदर्शन किया गया। फिल्म द्वारा विद्यार्थियों को संक्रमण के वैज्ञानिक कारणों, निवारक उपायों, प्रचलित मिथकों का खंडन तथा स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धताओं की स्पष्ट जानकारी प्रदान की गई। राष्ट्रीय टोल-फ्री हेल्पलाइन 1097 एवं NACO AIDS ऐप के उपयोग पर विशेष बल देते हुए विद्यार्थियों को विश्वसनीय सहायता स्रोतों से जुड़ने का आह्वान किया गया।
प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने संबोधन में कहा कि विश्व स्वास्थ्य दिवस स्वास्थ्य-सजगता एवं विज्ञान-संयोजित चिंतन का सर्वोत्तम माध्यम है। रेड रिबन क्लब की इस पहल की प्रशंसा करते हुए उन्होंने उल्लेख किया कि ऐसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों को स्वास्थ्य ज्ञान के साथ समाज के प्रति करुणामय एवं दायित्वपूर्ण बनाती हैं। रेड रिबन क्लब के संयोजक डॉ. विक्रम कुमार ने संबोधन में कहा कि HIV/AIDS जैसी महामारियों से बचाव के लिए सही जानकारी और जागरूकता ही सबसे शक्तिशाली हथियार है। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक तथ्यों पर आधारित दृष्टिकोण अपनाने तथा सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में डॉ. सुनित शर्मा, डॉ. निधान सिंह, प्रो. अजयपाल सिंह, प्रो. पवन कुमार, प्रो. संगीता, डॉ. वसुंधरा सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी उपस्थित हुए। यह विश्व स्वास्थ्य दिवस-केंद्रित जागरूकता प्रयास विद्यार्थी-मंडल में स्वास्थ्य शिक्षा, संवेदनशीलता एवं नागरिक जिम्मेदारी को सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।

Comments