पाइट के एमसीए और बीसीए विभाग में हुई फ्रेशर पार्टी
BOL PANIPAT :- पानीपत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (पाइट) में फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। एमसीए और बीसीए के छात्र-छात्राओं को जहां अनुशासन का पाठ पढ़ाया गया, वहीं मंच पर खूब मस्ती करने का भी अवसर मिला। दरअसल, मंच के भय को दूर करना था और नए छात्रों का एक-दूसरे से परिचय करवाना था। बीसीए जनरल में निहारिका और क्लाउड में लक्की मिस फ्रेशर रही। लड़कों में मनमीत और विनय मिस्टर फ्रेशर रहे। एमसीए में कीर्ति और मनन ने ये अवार्ड जीता। दोनों कोर्स में इस वर्ष दाखिला लेने वाले चार सौ छात्र-छात्राओं ने फ्रेशर पार्टी में भाग लिया।
पाइट के सचिव सुरेश तायल, बोर्ड सदस्य शुभम तायल व निदेशक डॉ.शक्ति कुमार मुख्य अतिथि रहे। सुरेश तायल ने कहा कि बच्चों को किताबी ज्ञान के अलावा दुनिया में क्या बदलाव हो रहे हैं, क्या नया आ रहा है, इसका भी पता होना चाहिए। अगर अपडेट नहीं रहेंगे तो जिंदगी में आगे नहीं बढ़ सकेंगे। शुभम तायल ने कहा कि आप तीन साल के लिए यहां आए हैं। अनुशासित होकर पढ़ाई करें। जिंदगी में कुछ बनना है तो उसके लिए अनुशासन बेहद जरूरी है। निदेशक डॉ.शक्ति कुमार ने कहा कि हमेशा कुछ न कुछ नया करते रहें। हार नहीं मानें। अगर असफल होते हैं तो उसे अनुभव की तरह लें। विभाग अध्यक्ष डॉ.दिनेश वर्मा ने कहा कि जीवन में ठहराव न आने दें। कुछ न कुछ सीखते रहें। एक जगह रुके नहीं। चलते रहें। यानी, इनोवेशन करें। इस अवसर पर डीन डॉ.बीबी शर्मा, बीटेक सीएसई के विभाग अध्यक्ष डॉ.एससी गुप्ता, डॉ.विनय खत्री, डॉ.रजत, डॉ.मोनिका, डॉ.नेहा, दिव्या सिंगला, राजन सलूजा, मंदीप कौर, निशा, रीमा मौजूद रहीं।

Comments