‘एक्सपर्ट टॉक’ का आयोजन: छात्रों को मिले करियर संवारने के टिप्स
BOL PANIPAT : आई.बी. (पी.जी.) कॉलेज के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा आज एक विशेष ‘एक्सपर्ट टॉक’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को कॉर्पोरेट जगत के लिए तैयार करना और उन्हें अपने व्यक्तित्व को निखारने के गुर सिखाना था।
इस सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में ‘टेलस इंटरनेशनल’ की सीनियर रिसोर्स मैनेजर काजल दीक्षित उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्रों को ‘हाउ टू रिप्रेजेंट आवरसेल्वेस’ (स्वयं को कैसे प्रस्तुत करें) विषय पर विस्तार से जानकारी दी। काजल ने छात्रों को बताया कि इंटरव्यू और प्रोफेशनल लाइफ में खुद को आत्मविश्वास के साथ कैसे पेश किया जाए। उन्होंने छात्रों के साथ वन-टू-वन संवाद कर उनकी शंकाओं का समाधान भी किया, जिससे छात्र काफी प्रेरित नजर आए।
इस अवसर पर कॉलेज के के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर सीखने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्रों को करियर के प्रति गंभीर रहने और कॉलेज द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे ऐसे अवसरों का भरपूर लाभ उठाने की सलाह दी। इस कार्यक्रम में डॉ. अर्पणा, छवि और निधि विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Comments