पुलिस की नशा मुक्त अभियान टीम ने लाल बत्ती चौक के पास सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ किया जागरूक
BOL PANIPAT , 30 अप्रैल : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह, आईपीएस के कुशल नेतृत्व में जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ एक विशेष और व्यापक जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान के तहत गठित की पुलिस की जागरूकता टीम ने वीरवार को लाल बत्ती चौक के पास स्थित सरकारी स्कूल का दौरा कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी देने के साथ ही नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
टीम ने इस दौरान विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए बताया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक जीवन को पूरी तरह से प्रभावित करता है। नशे के सेवन से न केवल स्वास्थ्य खराब होता है, बल्कि व्यक्ति की पढ़ाई, करियर और भविष्य भी अंधकारमय हो जाता है। विद्यार्थियों को समझाया गया कि किस प्रकार नशा धीरे-धीरे व्यक्ति को बर्बादी की ओर ले जाता है और पूरे परिवार को भी मानसिक व आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों को जीवन में कभी भी नशा न करने की शपथ दिलाई गई।
इसके साथ ही टीम ने सिविल अस्पताल परिसर में आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान लोगों से अपील की कि वे स्वय नशे से दूर रहे और अपने बच्चों और युवाओं पर विशेष ध्यान दें। आसपास कहीं नशे की बिक्री हो रही हो या कोई व्यक्ति नशे का आदी हो, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
जिले में नशा मुक्त अभियान के नोडल अधिकारी डीएसपी प्रणय कुमार ने कहा कि युवाओं को नशे की गर्त में जाने से बचाने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही नशे के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार है। इसी उद्देश्य से स्कूलों, कॉलेजों और गांवों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। डीएसपी प्रणय कुमार ने कहा कि युवा पढ़ाई के साथ-साथ खेलों और सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेकर अपने जीवन को सही दिशा दे सकते हैं।
आमजन से अपील की गई कि यदि उन्हें नशे से संबंधित कोई भी जानकारी मिले तो जिला पुलिस को सूचित करें या नेशनल नारकोटिक्स मानस (MANAS) हेल्पलाइन नंबर 1933 पर संपर्क करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएगी।

Comments