नीट प्रवेश परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न : उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया
परीक्षा में 97.41% अभ्यर्थी हुए शामिल
कड़े प्रबंधों के बीच सफल रही राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा
प्रशासन की तैयारियों की अभ्यर्थियों ने की सराहना
BOL PANIPAT , 3 मई। जिले में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) का आयोजन रविवार को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सफलतापूर्वक किया गया। प्रशासन द्वारा किए गए व्यापक और सुदृढ़ प्रबंधों के चलते परीक्षा के दौरान कहीं से भी अव्यवस्था या बाधा की सूचना नहीं है।
उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कुल 2553 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था, जिनमें से 2487 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 66 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार कुल उपस्थिति प्रतिशत 97.41 रहा, जो प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सफलता को दर्शाता है।
उपायुक्त डॉ. दहिया ने कहा कि, “परीक्षा का निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण आयोजन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता थी। इसके लिए सभी केंद्रों पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था, सुचारू यातायात प्रबंधन, पेयजल, बिजली और चिकित्सा सुविधाओं सहित हर आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए गए थे। प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया कि प्रत्येक अभ्यर्थी को बिना किसी परेशानी के परीक्षा देने का अनुकूल वातावरण मिले।”
उपायुक्त ने बताया कि सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस बल एवं शिक्षा विभाग की टीम ने पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया, जिसके परिणामस्वरूप परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी।”
जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने बताया की परीक्षा के लिए जिले में बनाए गए केंद्रों पर निगरानी के विशेष प्रबंध किए गए थे और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया गया।
उपायुक्त डॉ. दहिया ने परीक्षा के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समन्वय से यह महत्वपूर्ण परीक्षा पूरी तरह सफल रही।

Comments