“करियर डॉक्यूमेंट प्रिपरेशन ” प्रतियोगिता में साक्षी सिंह प्रथम स्थान पर रही .
BOL PANIPAT : आईबी पीजी कॉलेज में वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग द्वारा बीबीए तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए “करियर डॉक्यूमेंट प्रिपरेशन ” का सफल आयोजन किया गया। इस गतिविधि का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पेशेवर जीवन के लिए तैयार करना तथा उन्हें प्रभावी एवं आकर्षक करियर डॉक्यूमेंट बनाने की कला से अवगत कराना था। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को करियर डॉक्यूमेंट के विभिन्न महत्वपूर्ण घटकों जैसे—व्यक्तिगत विवरण, शैक्षणिक योग्यता, कौशल, अनुभव तथा करियर उद्देश्य आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, उन्हें आधुनिक उद्योग की आवश्यकताओं के अनुसार करियर डॉक्यूमेंट को कैसे प्रस्तुत किया जाए, इस पर व्यावहारिक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ सतवीर सिंह जी ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कहा कि एक अच्छा करिकुलम विटे सिर्फ दस्तावेज नहीं बल्कि आपकी सोच,योग्यता और आपकी छवि का प्रतिबिंब होता है। हमारे छात्र भविष्य के लीडर्स हैं और इस प्रकार की प्रतियोगिताएं उन्हें आत्म विश्वास और स्पष्टता प्रदान करती हैं। आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल शैक्षणिक योग्यता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि स्वयं को सही ढंग से प्रस्तुत करना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और अपने व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. सुनीत शर्मा ने विद्यार्थियों को डॉक्यूमेंट के महत्व को बताते हुए कहा कि आज की प्रतिस्पर्धी दुनिया में एक प्रभावशाली करियर डॉक्यूमेंट तैयार करना सफलता की कुंजी है।कंपनियां अब सिर्फ डिग्रियों पर नहीं बल्कि कौशल, अनुभव व प्रस्तुतीकरण पर भी ध्यान देती हैं और एक बेहतरीन करियर डॉक्यूमेंट आपकी पहचान बन सकता है और आपको अपने करियर में नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायता करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने कौशल और उपलब्धियों को स्पष्ट एवं सटीक रूप में प्रस्तुत करने की सलाह दी और कहा कि वे पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक गतिविधियों में भी सक्रिय भाग लें, क्योंकि ऐसे कार्यक्रम उनके आत्मविश्वास, प्रस्तुतीकरण कौशल और रचनात्मक सोच को विकसित करते हैं। इस प्रतियोगिता में कक्षा के 14 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया जिनमें प्रथम स्थान पर साक्षी सिंह और कसक , द्वितीय स्थान पर चेतन व मोहिनी , तृतीय स्थान पर सनी और रिमझिम रहे। सांत्वना पुरस्कार पायल और सिमरन को दिया गया। इस प्रतियोगिता का सफल आयोजन सुश्री अन्नु बेनीवाल (कक्षा मेंटर) द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने इस गतिविधि को अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।

Comments