सोमनाथ स्वाभिमान पर्व : जिला स्तर पर देवी मंदिर परिसर में श्रद्धा, उत्साह और गरिमा के साथ भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
BOL PANIPAT : 8 मई। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के उपलक्ष्य में 11 मई को जिला स्तर पर देवी मंदिर परिसर में श्रद्धा, उत्साह और गरिमा के साथ भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इस विषय को लेकर मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक केएम पांडुरंग ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ बैठक कर कार्यक्रम को भव्य, अनुशासित और गरिमामय ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए।
इस संबंध में डीसी डॉ विरेंदर कुमार दहिया ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत श्रद्धालु महिलाओं द्वारा कलश यात्रा भी परिसर में निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। जहां ऐतिहासिक देवी मंदिर में भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की जाएगी। धार्मिक अनुष्ठानों एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के माध्यम से श्रद्धालुओं को भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं से जोडऩे का प्रयास किया जाएगा।
एडीसी ने शुक्रवार को इस बाबत बैठक में बताया कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी सोमनाथ मंदिर के प्रांगण से किया जाएगा, जिसे श्रद्धालु लाइव देख और सुन सकेंगे। इसके अतिरिक्त भजन, मंत्र जाप तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सांस्कृतिक चेतना, धार्मिक सौहार्द और सामाजिक एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Comments