पानीपत रिफ़ाइनरी ने राज्य स्तरीय बाढ़ आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल में लिया हिस्सा
BOL PANIPAT : हरियाणा राज्य के 13 जिलों में 14 मई 2026 को प्रातः 09:00 बजे से राज्य स्तरीय बाढ़ आपदा प्रबंधन मॉक अभ्यास आयोजित किया गया, जिसमें पानीपत भी सहभागी जिलों में शामिल रहा। पानीपत में मॉक बाढ़ आपदा की एक घटना स्थल इंडियनऑयल पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स के पानीपत नैफ्था क्रैकर के बाहर, बाल जट्टान गांव के निकट निर्धारित किया गया, जहां पानीपत रिफाइनरी अस्पताल द्वारा प्राथमिक उपचार केंद्र स्थापित किया गया। इसके अतिरिक्त, मॉक अभ्यास का एक अन्य प्रमुख स्थल पानीपत रिफाइनरी CISF यूनिट कॉम्प्लेक्स, पानीपत में स्टेजिंग सेंटर एवं राहत शिविर के रूप में स्थापित किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान वीरेंद्र कुमार दहिया, IAS, उपायुक्त, पानीपत; एम. एल. डहरिया, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, PRPC; मनदीप सिंह, एसडीएम, पानीपत; भूपेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक, पानीपत; डीएसपी, पानीपत सहित जिला प्रशासन एवं पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे तथा आपदा प्रबंधन तैयारियों का निरीक्षण एवं मूल्यांकन किया।

इस मॉक ड्रिल के अंतर्गत प्रातः 9:00 बजे हाइड्रोकार्बन रिसाव की आपातकालीन स्थिति का परिदृश्य प्रस्तुत किया गया। रिसाव का पता चलते ही एल-1 सायरन बजाया गया, जिसके तुरंत बाद फायर एवं सेफ्टी विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और रिसाव को नियंत्रित करने के प्रयासों में जुट गईं। इस रिसाव से पानी के प्रदूषित होने की संभावना के कारण एनडीआरएफ़ की टीम भी इस ड्रिल में शामिल हुई, जिसने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए प्रभावित व्यक्तियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। पानीपत रिफ़ाइनरी हॉस्पिटल की टीम द्वारा घटना स्थल पर प्रभावित व्यक्तिओ को प्राथमिक उपचार दी गई। घटनास्थल पर सीआईएसएफ़, पीडब्ल्यूडी, तथा हरियाणा पुलिस की टीमें भी सक्रिय रूप से पहुंचीं और समन्वित राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया गया। प्रातः 10:56 बजे स्थिति पूर्णतः नियंत्रण में आने के उपरांत सायरन बजाकर ‘ऑल क्लियर’ घोषित किया गया।

Comments