Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी)ने बड़े उत्साहपूर्वक मनाया विश्व पर्यावरण दिवस

By LALIT SHARMA , in Business , at June 5, 2022 Tags: , , , , , ,

BOL PANIPAT : 5 जून, 2022, विश्व पर्यावरण दिवस के अंतर्गत वर्ष-2022 के विषय “केवल एक पृथ्वी” को केन्द्रित करते हुए तथा साथ ही पर्यावरण संरक्षण की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करते  हुए आज  सुबह पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) में विश्व पर्यावरण दिवस का आयोजन  बड़े उत्साहपूर्वक ढंग से किया गया । इस अवसर पर पीआरपीसी से गोपाल चन्द्र सिकदर, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, पीआरपीसी, एम एल धारिया, कार्यकारी निदेशक (तकनीकी),  मुख्य-महाप्रबंधकगण, महाप्रबंधकगण, अधिकारी एसोशिएशन तथा कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधिगण विशेष रूप से मौजूद थे। इस अवसर पर हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) से कवलजीत सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी तथा प्रदीप तोमर सहायक कार्यकारी अभियंता ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज की।

कार्यक्रम की शुरूआत उद्देश्यपूर्ण ढंग से करते हुए आज टाउनशिप में सुबह 06:30 बजे सिकदर ने हरी झण्डी दिखाकर लगभग 300 लोगों को साइक्लोथॉन में हिस्सा लेने के लिए रवाना किया तथा स्वयं भी साथ-साथ साइकिल चलाई ।  साइक्लोथॉन अधिकारी क्लब से लेकर न्यू टाउनशिप के मुख्य पार्क तक आयोजित की गई । उनके साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए बैटरी वाहन के माध्यम से सभी की जागरूक  करने  हेतु हिन्दी एवं अंग्रेज़ी स्लोगनों को ऑडिओ से सुनाया गया ।  तत्पश्चात,  इस अवसर पर  श्री एस एम वैद्य, अध्यक्ष, इंडियन ऑयल के द्वारा दिये गए संदेश को  श्री जॉयदीप चौधरी, मुख्य-महाप्रबंधकगण (परियोजना) ने, व सुश्री शुक्ला मिस्त्री, निदेशक (रिफाइनरीज)  के द्वारा दिये गए संदेश को    सुधांशु शेखर, मुख्य महाप्रबंधक (तकनीकी), पीएनसी ने पढ़ा तथा संदेश में वर्णित उनके विचारों से  सभी को अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान अपने सम्बोधन मे सिकदर ने  इस दिवस के उद्देश्य तथा थीम  “केवल एक पृथ्वी”  पर प्रकाश डाला। उन्होने पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने के लिए इंडियनऑयल की प्रतिबद्धता को दोहराया तथा उपस्थित लोगों  को पीआरपीसी के द्वारा पर्यावरण संरक्षण  के लिए  किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होने सभी से अपील  करते हुए कहा कि  हम सभी को व्यक्तिगत रूप से पर्यावरण संरक्षण  मे अपना भरपूर योगदान देना चाहिए और पर्यावरण संरक्षण के लिए हर संभव प्रयास करते रहना चाहिए ताकि हम  आने वाले पीढ़ी को स्वच्छ पर्यावरण दे सकें। 

 उन्होंने आगे कहा कि पृथ्वी के पास हर किसी का भरण-पोषण करने के लिए पर्याप्त संसाधन हैं लेकिन यदि संसाधनों का दुरुपयोग या अत्यधिक दोहन जारी रहा, तो हम प्रदूषित हवा, प्रदूषित पानी, प्रदूषित भोजन आदि के साथ समाप्त हो जाएंगे। पृथ्वी के संसाधनों को हमारी अगली पीढ़ी को जिस रूप में हमें अपनी पिछली पीढ़ी से मिला है को हस्तांतरित करना हमारी प्रमुख जिम्मेदारी है। इस अवसर  को यादगार बनाने हेतु विभिन्न तरह के 75 पौधे भी लगाए गए।

इस अवसर पर पीआरपीसी द्वारा विगत वर्षों मे  पर्यावरण संरक्षण  के लिए गए  कार्यों को दर्शाती हुई   12 पेजों की एक विशेष पत्रिका बनाई गयी जिसका अनावरण सिकदर ने  किया । इस पत्रिका को ई-मेल के माध्यम से सभी पीआरपीसी यूजर्स को भी भेजा गया । इससे पहले कर्मचारियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं जैसे ऑनलाइन क्विज व नारा प्रतियोगिता इत्यादि का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया । 

विदित है कि पीआरपीसी  अपने स्थापना काल से  ही पर्यावरण संरक्षण  के प्रति काफी  सजग है और पर्यावरण संरक्षण के लिए हमेशा हरसंभव  प्रयास  करती रहती है ।  इसी क्रम मे पीआरपीसी में 2-जी  एवं 3-जी इथेनॉल परियोजना स्थापित की जा रही है । इस परियोजना में पराली का प्रयोग होगा जिससे कि किसानों द्वारा  पराली जलाना लगभग समाप्त हो जाएगा और इससे इस अंचल में होने वाले प्रदूषण में कमी आएगी । इसी  तरह 3-जी परियोजना में “पी.एस.ए. ऑफ गैसों का इस्तेमाल करके इथेनॉल बनाया जाएगा। ग्वालड़ा ग्राम  पंचायत भूमि पर  2  लाख से अधिक पौधों का रोपण किया जा रहा है ताकि पर्यावरण भी  संरक्षित हो और  साथ हीं साथ ग्राम पंचायत को आमदनी भी हो। इसके अलावा समय समय पर पानीपत रिफाइनरी द्वारा आस-पास के गाँव  मे पौधारोपन का अभियान भी  चलाया जाता है।। इस वर्ष  भी पीआरपीसी ने अपने आस-पास  के गाँव  मे लगभग 10000 पौधे लगाए जाने की योजना  बनाई है  ।

इस कार्यक्रम का संचालन धर्मेन्द्र कुमार, वरिष्ठ प्रबन्धक (एचएससी) तथा धन्यवाद ज्ञापन चन्दन कुमार सिन्हा, उप.महाप्रबंधक (टीएस)  ने किया।                                          

Comments