इंडियन ऑयल पीआरपीसी ने नव निर्मित ददलाना पुल का उद्घाटन किया
BOL PANIPAT : इंडियन ऑयल पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) ने अपने कॉर्पोरेट पर्यावरण उत्तरदायित्व (सीईआर) पहल के तहत आज ददलाना गाँव के पास मुख्य ड्रेन पर अभी हाल ही में नव-निर्मित पुल का उद्घाटन दिनांक 15 मई 2026 को करके एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है । इस ददलाना पुल का उद्घाटन एम. एल. डहरिया, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, पीआरपीसी ने सरपंच ददलाना चरणजीत सिंह, वरिष्ठ पीआरपीसी अधिकारियों और ददलाना गांव के निवासियों की उपस्थिति में किया।

हरियाणा सिंचाई विभाग के सहयोग से निर्मित यह नया पुल ददलाना गाँव के पास कोहंड-असंध राज्य राजमार्ग पर स्थित पुराने पुल के साथ बनाया गया है । इस पुल के बनने से इस रूट पर लंबे समय से चली आ रही यातायात की समस्या का समाधान हुआ है। यह पुराना पुल रिफाइनरी विस्तार, आस-पास के गांवों के विकास और पीआरपीसी में चल रही नई परियोजनाओं के चालू होने के कारण यातायात में वृद्धि के चलते एक प्रमुख बाधा बन गया था।
गौरतलब है कि इस अतिरिक्त पुल से यातायात आवाजाही में उल्लेखनीय सुधार होने, यात्रियों की सुरक्षा बढ़ने और टाउनशिप निवासियों, परियोजना वाहनों और स्थानीय ग्रामीणों के लिए सुगम आवागमन की उम्मीद है। यह अवसंरचना विकास क्षेत्र में बढ़ते औद्योगिक और आवासीय गतिविधियों से उत्पन्न होने वाली भविष्य की यातायात मांगों को पूरा करने में भी सहायक होगा। इस पहल के माध्यम से, पीआरपीसी क्षेत्रीय अवसंरचना विकास, सामाजिक प्रगति और पर्यावरण स्थिरता के प्रति समर्पित एक जिम्मेदार कॉर्पोरेट नागरिक के रूप में अपनी प्रतिबद्धता को प्रभावी सीएसआर और सीईआर परियोजनाओं के माध्यम से दोहराता है।

Comments