Monday, May 25, 2026
Newspaper and Magzine


जनता समाधान शिविर बना भरोसे का मंच. 22 शिकायतों पर मौके पर कार्रवाई: उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया.

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at May 25, 2026 Tags: , , , , ,

आमजन को मिली बड़ी राहत, एक ही मंच पर सुनी गई विभिन्न विभागों की शिकायतें

प्रशासन ने लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं

समाधान शिविर, अधिकारियों ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

BOL PANIPAT , 25 मई। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की पहल पर प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे जनता समाधान शिविर आमजन के लिए राहत का बड़ा माध्यम बनते जा रहे हैं। जिला एवं उपमंडल स्तर पर सप्ताह में दो दिन आयोजित होने वाले इन शिविरों में लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है। सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित जनता समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 22 शिकायतों की गंभीरता पूर्वक सुनवाई की गई। शिविर की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने की।

उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि लोगों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रशासन आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कर रहा है।

  अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से शिकायत निवारण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया गया है। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक शिकायत का तय समय सीमा में समाधान किया जाए ताकि लोगों को तुरंत राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि जनता समाधान शिविर प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम बनकर उभरे हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आने वाली समस्याओं को मौके पर सुनकर संबंधित अधिकारियों को तुरंत आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। एडीसी अंकित चौकसे ने कहा कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग गांवों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रहा है। जिले में संचालित विकास कार्यों तथा पंचायत मामलों से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

    पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने जन सुनवाई करते हुए कहा कि पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा से संबंधित मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी तथा लोगों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ लोगों की समस्याओं के समाधान में जुटा हुआ है। विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से लोगों को काफी सुविधा मिल रही है।

  सोमवार को समाधान शिविर में गांव वजीरपुर टिटाना निवासी अशोक ने विद्यालय के पास स्थित फैक्ट्री से फैल रहे प्रदूषण की शिकायत करते हुए कहा कि इससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उपायुक्त ने मामले की जांच के आदेश दिए। वहीं सुनील कुमार ने न्यू ट्यूबल कनेक्शन लगवाने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी, जिस पर संबंधित विभाग को आवश्यक जांच के निर्देश दिए गए। रविंदर कुमार ने खुखराना में प्लाट दिलाने का अनुरोध किया। वहीं सुदेश ने राशन कार्ड बनवाने की मांग करते हुए बताया कि राशन कार्ड न होने के कारण उन्हें कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Comments


Leave a Reply