युवक की गला दबाकर हत्या करने के आरोपी मां-बेटा गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 27 मई : गांव वैसर में युवक को घर पर बुलाकर मारपीट कर गला घोटकर हत्या करने के दो आरोपी मां-बेटे को थाना मतलौडा पुलिस ने मंगलवार देर शाम को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान वैसर निवासी महिला मंजीत और उसके बेटे विकास के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मिलकर युवक की घर पर पीटकर व गला घोटकर हत्या करना स्वीकारा।
थाना मतलौडा प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेश ने बताया कि थाना मतलौडा में वैसर गांव निवासी राजबाला पत्नी प्रेम सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका बेटा सतीश 25 मई को खेत में पानी देने के लिए गया था। जो देर रात तक वापिस नहीं आया। रात करीब 2 बजे सूचना मिली थी कि सतीश की हत्या कर गांव के ही राजेश के मकान की छत पर बने चौबारे के आगे बरामदे में डाला हुआ है। वह परिवार के साथ वहा पहुंची तो बेटे सतीश का शव पड़ा था। गले में परना था और नाक से खून निकला हुआ था। बेटे सतशी को राजेश की पत्नी मंजीत, लड़के विकास, जेठ राजपाल, राजपाल की पत्नी व उसके बेटे विशाल ने घर बुलाकर मारपीट करके हत्या कर दी। ये सभी सतीश के साथ रंजिश रखते थे। पुलिस ने राजबाला की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 190, 191(3) के तहत अभियोग दर्ज कर मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।
प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेश ने बताया कि पूछताछ में महिला आरोपी मंजीत ने पुलिस को बताया सतीश की उसके साथ बोल चाल थी। पति राजेश करीब 10-12 साल से लकवा ग्रस्त है, और रात में कम दिखाई देता है। 25 मई की रात वह और पति राजेश घर के उपर वाले कमरे में सो रहे थे। बेटा विकास किसी काम से मतलौडा गया हुआ था। रात को सतीश उनके कमरे में आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा, वह नशे में था। विरोध करने पर वह जबरदस्ती करने लगा और दोनों में कहासुनी हो गई। तभी बेटा विकास घर आ गया और शौर सुनकर उपर के कमरे में आया। दोनों ने मिलकर सतीश की थप्पड़ व मुक्कों से पीटाई की। विकास ने सतीश को पकड़कर मुंह दिवार पर मारा। सतीश को नीचे गिराकर वह उसके पैरों पर बैठ गई और विकास ने गले में पड़े परने से गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को उठाकर बरामदे में डाल दिया था।
प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेश ने बताया कि पुसिल ने बुधवार को आरोपी मां-बेटे को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से आरोपी महिला मंजीत को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया और आरोपी विकास को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही नामजद फरार अन्य आरोपियों के ठिकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।

Comments