दो सगे भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला करने के नाबालिक सहित दो आरोपी की गिरफ्तार. वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद .
BOL PANIPAT , 31 मई : थाना चांदनी बाग पुलिस ने कत्याल गार्डन के सामने साई कॉलोनी गली में दो सगे भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला करने के नाबालिक सहित दो आरोपियों को शनिवार को साई कॉलोनी से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान साई कॉलोनी निवासी निखिल व दूसरे की नाबालिग के रूप में हुई है।

थाना चांदनी बाग प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि थाना चांदनी बाग में साई कॉलोनी निवासी रामकुमार पुत्र रोशन लाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 25 मई की शाम करीब 7:20 बजे वह अपना फोर व्हीलर (छोटा हाथी) लेकर घर लौट रहा था। वह जब कॉलोनी में कत्याल गार्डन के नजदीक फोर व्हीलर को मोड़ रहा था तो कॉलोनी निवासी एक लड़के ने उसका रास्ता रोक लिया। उसने हटने के लिए कहा तो लड़के ने तैश में आकर उसके पेट पर चाकू से वार कर दिया। बचाव के लिए शोर किया तो भाई अशोक बचाने के लिए आया। लड़के के साथ कॉलोनी का ही निखिल नाम का लड़का भी था। आरोपियों ने अशोक पर भी चाकू से कई बार कर दिए। डंडों से वार कर चोट मारी। झगड़े का शोर सुनकर निखिल व लड़के के परिवार के सदस्य सोनू, मोनू व घर की औरते झगड़ा करने की नीयत से वहां आ गए। भीड़ ज्यादा होने पर आरोपी लड़के व निखिल ने धमकी दी की अबकी बार बच गए आगे मिले तो जान से मार देंगे और मौके से भाग गए। परिजनों ने उसको इलाज के लिए पवनाजंलि हॉस्पिटल में भर्ती कराया। थाना चांदनी बाग में रामकुमार की शिकायत पर बीएनएस की धारा 115(2), 351(3), 109(1), 118, 126(2), 3(5) के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।
थाना चांदनी बाग प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि पूछताछ में आरोपी निखिल व उसके नाबालिक साथी आरोपी ने मिलकर चाकू से जानलेवा हमला करने की उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। नाबालिग आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर पुलिस ने शनिवार को नाबालिक आरोपी को जुवेनाईल कोर्ट में पेश किया जहा से उसे बाल सुधार गृह मधुबन भेज दिया गया। और आरोपी निखिल को रविवार को पूछताछ के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया।
प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि आरोपी निखिल ने पूछताछ में पुलिस को बताया कुछ दिन पहले उसके नाबालिक साथी आरोपी की रामकुमार के साथ कहासुनी हो गई थी। इसके बाद वे दोनों मिलकर रामकुमार को कहासुनी का मजा चखाना चाहते थे। 25 मई की शाम करीब 7:00 बजे वे दोनों कत्याल गार्डन के सामने साई कॉलोनी गली में खड़े थे। रामकुमार अपने फोर व्हीलर को बैक कर रहा था। रामकुमार ने उसके नाबालिक साथी को पीछे देखने के लिए कहा तो उसने गाली गलौच कर मना कर दिया। इसको लेकर झगड़ा हुआ तो नाबालिक साथी ने रामकुमार पर चाकू से हमला कर दिया। रामकुमार का भाई अशोक आवाज सुनकर आया तो उसने चाकू से अशोक पर हमला कर दिया और इसके बाद वे दोनों धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

Comments