घर से सोने, चांदी के गहने व नकदी चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 08 जून : सीआईए टू पुलिस टीम ने बहरामपुर गांव में घर से सोने, चांदी के गहने, नकदी व मोबाइल चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को रविवार शाम को सनौली बाईपास फ्लाईओवर पुल के नीचे से काबू किया। आरोपियों की पहचान अधमी निवासी आशीष व रिषभ के रूप में हुई है।

सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर विरेंद्र ने बताया कि उनकी टीम को रविवार शाम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि पुलिस लाइन के नजदीक सनौली बाईपास फ्लाईओवर पुल के पास संदिग्ध किस्म के दो युवक घूम रहे है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर दोनों युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान आशीष पुत्र राधेश्याम व रिषभ पुत्र बाबूराम निवासी अधमी के रूप में बताई। गहनता से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने मिलकर 15 अप्रैल को दिन के समय बहरामपुर गांव में एक घर से सोने, चांदी के गहने, मोबाइल फोन व नकदी चोरी करने की वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। चोरी की उक्त वारदात बारे थाना बापौली में बहरामपुर गेट निवासी राजकुमार की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
थाना बापौली में बहरामपुर गेट निवासी राजकुमार पुत्र दलीप चंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह मेहनत मजदूरी का काम करता है। 15 अप्रैल को उसके बच्चे स्कूल गए थे और वह और परिवार के अन्य सदस्य काम पर गए हुए थे। अज्ञात चोर दिन के समय उनके घर में घुसकर सोने की बाली, नथ, टीका, ताबीज, अंगूठी, चांदी का कड़ा, हथफुल, जुड़े की पिन, 20 हजार रूपए व एक मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। थाना बापौली में राजकुमार की शिकायत पर बीएनएस की धारा 331(3), 305 के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
प्रभारी इंस्पेक्टर विरेंद्र ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया वे नशा करने के आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए पैसों की जरूरत पड़ी तो उन दोनों ने मिलकर चोरी की उक्त वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का मोबाइल फोन, चांदी का एक कड़ा व एक हथफुल बरामद कर सोमवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दोरान पुलिस आरोपी से चोरी के बचे गहने व नकदी बरामद करने का प्रयास करेगी।
आरोपी आशीष का पहले भी आपराधिक रिकार्ड होना पाया गया है। आरोपी के खिलाफ थाना बापौली में मारपीट व चोरी की वारदातों के तीन मामलें दर्ज है। आरोपी आशीष करीब 1 साल पहले जेल से बेल पर बाहर आया था।

Comments