रोजगार मेले युवाओं और नियोक्ताओं के बीच एक प्रभावी सेतु: डॉ. ऋतु चहल
-रोजगार मेले में युवाओं को मिला सुनहरा अवसर. 47 अभ्यर्थियों ने लिया भाग, 15 का हुआ चयन
BOL PANIPAT , 12 जून। जिला रोजगार कार्यालय द्वारा कार्यालय परिसर में आयोजित रोजगार मेले में युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए गए। मेले का उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को प्रतिष्ठित निजी कंपनियों से जोडक़र उन्हें रोजगार के बेहतर विकल्प प्रदान करना था। मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष अपनी योग्यता एवं कौशल का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर जिला रोजगार अधिकारी डॉ. ऋतु चहल ने कहा कि रोजगार मेले युवाओं और नियोक्ताओं के बीच एक प्रभावी सेतु का कार्य करते हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को रोजगार प्राप्त करने के अवसर मिलते हैं, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपनी प्रतिभा को सही मंच पर प्रदर्शित कर पाते हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं के हित में भविष्य में भी इस प्रकार के रोजगार मेलों का आयोजन नियमित रूप से किया जाता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा सके।
रोजगार मेले में एस.आई.एस. लिमिटेड, एक्सिस बैंक एवं भारत फाइनेंस जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया और भर्ती प्रक्रिया संचालित की। मेले में कुल 47 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा साक्षात्कार और योग्यता परीक्षण के बाद 15 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जिससे चयनित युवाओं में खुशी का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में सतवीर वर्मा, कुमारी छवि देवी, आशुतोष, संतोष सिंह तथा सुश्री सिम्मी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे। सभी ने रोजगार मेले की सराहना करते हुए इसे युवाओं के भविष्य निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
जिला रोजगार कार्यालय लगातार युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। विदित रहे कि विभाग द्वारा समय-समय पर निजी एवं औद्योगिक संस्थानों के सहयोग से रोजगार मेले और भर्ती शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिससे युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार पाने का अवसर मिल सके।

Comments